किसी से बात शुरू हुई, फिर रोज मैसेज आने लगे, सोशल मीडिया पर एक-दूसरे की पोस्ट देखना शुरू किया और धीरे-धीरे मिलने का भी मन करने लगा. लेकिन क्या इतनी बातचीत किसी को पसंद करने के लिए काफी है? जेन जी की डेटिंग में ये सवाल काफी इंटरेस्टिंग है. आज किसी से जुड़ने के लिए सिर्फ बातचीत शुरू करना ही नहीं, बल्कि ये समझना भी जरूरी हो गया है कि सामने वाले के साथ असल में कनेक्शन बन रहा है या नहीं.
कितनी बातचीत के बाद किसी को पसंद करने लगते हैं लोग?
किसी को पसंद करने के लिए बातचीत की कोई फिक्स रूल नहीं है. कुछ लोगों को पहली मुलाकात में ही किसी के साथ अच्छा महसूस होता है, जबकि कुछ को सामने वाले को समझने में वक्त लगता है. किसी की बातें, सोच, पसंद और दूसरों के साथ उसका व्यवहार धीरे-धीरे अट्रैक्शन बढ़ा सकते हैं. इसलिए सिर्फ मैसेज की गिनती से ये तय नहीं किया जा सकता कि किसी के लिए फीलिंग्स हैं या नहीं.
जेन जी की डेटिंग पर क्या कहती है रिपोर्ट?
डेटिंग ऐप हिंज की 2025 की जेन जी डी.ए.टी.ई. रिपोर्ट में दुनिया भर के करीब 30 हजार यूजर्स को शामिल किया गया था. इसमें 84% जेन जी हिंज यूजर्स ने कहा कि वे डेटिंग के दौरान इमोशनल फीलिंग्स या जुड़ाव बढ़ाने के नए तरीके चाहते हैं. वहीं, जेन जी के लोग मिलेनियल्स के मुकाबले पहली डेट पर गहरी बातचीत शुरू करने में 36% ज्यादा झिझकते हैं. इससे पता चलता है कि कनेक्शन की इच्छा होने के बावजूद बातचीत शुरू करना कई लोगों के लिए आसान नहीं है.
सिर्फ 'हाय-हैलो' से नहीं बनता कनेक्शन
किसी से लगातार बात करना और उसे समझना दो अलग बातें हैं. रोज गुड मॉर्निंग या क्या कर रहे हो जैसे मैसेज भेजने से बातचीत तो चल सकती है, लेकिन इससे जरूरी नहीं कि दोनों एक-दूसरे को बेहतर तरीके से जान पाएं. हिंज की रिपोर्ट के मुताबिक, 61% जेन जी यूजर्स को पसंद है कि सामने वाला उनकी पहले कही गई किसी बात पर आगे सवाल पूछे. वहीं, 50% अपनी पसंद और शौक के बारे में सवाल पूछे जाने को अहम मानते हैं. यानी बातचीत कितनी लंबी है, उससे ज्यादा जरूरी यह हो सकता है कि उसमें एक-दूसरे को जानने की कितनी कोशिश की जा रही है.
क्या ज्यादा चैटिंग से बढ़ता है अट्रैक्शन?
डेटिंग ऐप हिली की एक रिपोर्ट में 1,600 अमेरिकी जेन जी और मिलेनियल्स से बातचीत को लेकर सवाल पूछे गए. इसमें 49% युवा महिलाओं ने पहली डेट से पहले लंबी बातचीत पसंद की, जबकि 56% आदमियों ने लंबी चैट के बजाय जल्दी मिलना पसंद करते थे. इससे पता चलता है कि हर किसी के लिए किसी को पसंद करने का तरीका एक जैसा नहीं होता. कुछ लोग पहले चैट करके कम्फर्टेबल होना चाहते हैं, तो कुछ आमने-सामने मिलने के बाद ही फीलिंग्स को समझ पाते हैं.
यह भी पढ़ें: Gen Z Social Media Hacks: इंस्टा नहीं फिंस्टा! सोशल मीडिया पर Gen Z का ये फंडा क्या है?
कैसे समझें कि किसी को सच में पसंद करते हैं?
अगर किसी से बात करने के बाद उसके बारे में और जानने का मन करता है, उसकी बातें याद रहती हैं और उसके साथ टाइम स्पेंड करना अच्छा लगता है, तो ये अट्रैक्शन की शुरुआत हो सकती है. लेकिन सिर्फ किसी के मैसेज का वेट करना या उसके ध्यान देने पर अच्छा महसूस करना ही पसंद का पक्का साइन नहीं है. खुद से ये पूछना जरूरी है कि क्या उस व्यक्ति की सोच और नेचर में भी इंटरेस्ट है या सिर्फ उससे मिलने वाला अटेंशन अच्छा लगता है.
जेन जी के लिए क्या हैं डेटिंग के नए रूल्स?
आज डेटिंग में किसी को तुरंत पसंद करने या जल्दी रिश्ता तय करने का प्रेशर लेने की जरूरत नहीं है. बातचीत को नॉर्मल रहने देना, सामने वाले की बात सुनना और अपनी फीलिंग्स को समझना ज्यादा जरूरी है. अगर दोनो के बीच अच्छा कनेक्शन रहा तो बात बातचीत से अपने आप आगे बढ़ जाएगी और अगर दोनों के बीच में वाइब मैच नहीं हुई या दोनों ने एक दूसरे को कुछ खास पसंद नहीं किया तो बात वहीं रुक जाएगी. जरूरी ये है कि हम किसी भी रिश्ते में घुसने के लिए जल्दबाजी ना करें या चीजों को जबरदस्ती आगे ना बढ़ाए.