जेन जी की सोशल मीडिया की दुनिया में अब सिर्फ एक इंस्टाग्राम अकाउंट काफी नहीं है. कई जेन जी एक ऐसा दूसरा अकाउंट भी रखते हैं, जहां उनकी पोस्ट देखने वाले लोग चुनिंदा होते हैं. इसे आमतौर पर फिन्स्टा कहा जाता है. ये इंग्लिश के दो शब्दों, फेक और इंस्टाग्राम, से मिलकर बना है. हालांकि, इसका मतलब हमेशा नकली पहचान नहीं होता. कई बार ये उसी व्यक्ति का दूसरा अकाउंट होता है, जहां वो अपने करीबी फ्रेंड्स के साथ ज्यादा खुलकर रह सकता है.
पहले इंस्टाग्राम पर लोग अपनी अच्छी फोटोज, घूमने की जगहें और लाइफ के स्पेशल मुमेंट्स शेयर करना पसंद करते थे. लेकिन अब हर पोस्ट को परफेक्ट दिखाने का प्रेशर कुछ जेन जी को परेशान कर सकता है. ऐसे में उनका दूसरा अकाउंट एक ऐसी जगह बन जाता है, जहां उन्हें अपनी हर फोटोज को एस्थेटिक या हर पोस्ट के बारे में ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं होती.
एक अकाउंट सबके लिए, दूसरा सिर्फ क्लोज फ्रेंड्स के लिए
कई जेन जी अकाउंट पर फेमिली के लोग, रिश्तेदार, कॉलेज फ्रेंड्स, कलीग्स और जान-पहचान वाले लोग जुड़े होते हैं. ऐसे में हर तरह की पोस्ट सभी के साथ शेयर करना कम्फरटेबल नहीं लगता. दूसरा अकाउंट उन्हें अपने क्लोज फ्रेंड्स तक ही फोटोज, मजेदार मीम्स, वीडियो और डेली लाइफ की बातें पहुंचाने का मौका देता है.
हर वक्त अच्छा दिखने का प्रेशर
मेन अकाउंट पर पोस्ट करते वक्त कई बार लोग सोचते हैं कि फोटोज कैसी दिख रही है, कितने लोगों ने उसे पसंद किया और दूसरे क्या सोचेंगे. इसके विपरीत, पर्सनल अकाउंट पर वे बिना ज्यादा ज्यादा कुछ क्रिएटिव या बदलाव के अपनी लाइफ के छोटे-छोटे पल शेयर कर सकते हैं. यहां मकसद ज्यादा लोगों को जोड़ना नहीं, बल्कि अपने करीबियों से जुड़े रहना होता है.
यह भी पढ़ें: "पार्टनर या डेट की टेंशन नहीं, फिर कहां वक्त बिता रहा है Gen Z?
ऑनलाइन दुनिया में भी चाहिए पर्सनल स्पेस
दूसरे अकाउंट का एक बड़ा कारण अपनी ऑनलाइन लाइफ पर कंट्रोल रखना भी है. जेन जी तय कर सकते हैं कि उनकी कौन-सी पोस्ट कौन देखे. हर फ्रेंड, रिश्तेदार या ऑफिस कलीग को अपनी पर्सनल बातें दिखाना जरूरी नहीं है. हालांकि, पर्सनल अकाउंट होने का मतलब पूरी सिक्योरिटी नहीं है, क्योंकि पोस्ट देखने वाले लोग उनकी फोटोज या मैसेद दूसरों तक पहुंचा सकते हैं.
जेन जी के लिए दूसरा इंस्टाग्राम अकाउंट सिर्फ छिपकर सोशल मीडिया यूज करने का तरीका नहीं है. कई लोगों के लिए ये अपनी जिंदगी के अलग-अलग हिस्सों को अलग रखने, क्लोज फ्रेंड्स के साथ खुलकर रहने और हर वक्त अच्छा दिखने के दबाव से दूर रहने का एक तरीका है.