आम के आम और गुठलियों के दाम.... यह कहावत हम सबने कई बार सुनी है लेकिन क्या आपने कभी असल जिंदगी में इसे आजमाया है. गर्मियों में हम सभी आम खाने के बाद गुठली सीधे डस्टबिन में डाल देते हैं. लेकिन हेल्थ एक्सपर्ट्स और आयुर्वेद की मानें तो आम की गुठली कोई फालतू चीज नहीं बल्कि आपकी सेहत और सुंदरता का पावरहाउस है.
अंग्रेजी वेबसाइट हिंदुस्तान की रिपोर्ट के अनुसार, आम की गुठलियां पोषक तत्वों से भरपूर होती हैं जिनमें विटामिन A, C और E जैसे एंटीऑक्सीडेंट और हेल्दी फैट् होते हैं. आम की गुठली का पाउडर पेट के गुड बैक्टीरिया को बढ़ावा देकर दस्त और अपच जैसी पाचन संबंधी समस्याओं को कम करने में मदद कर सकता है.
ये स्किन और बालों की ग्रोथ में भी बेहद असरदार हैं. ऐसे में फिर इस सीजन में आम के स्वाद के साथ गुठली का भी पूरा फायदा क्यों न उठाया जाए. आइए जानते हैं कि आम की गुठली को साफ करके आप इसका इस्तेमाल कैसे कर सकते हैं.
आम की गुठली का इस्तेमाल कैसे करें
आम की गुठली को सुखाकर उसके ऊपरी कड़े हिस्से को तोड़ लें. अंदर से निकले सफेद बीज को धूप में अच्छी तरह सुखाकर मिक्सी में पीस लें. इस पाउडर में थोड़ा सा भुना जीरा, हींग और काला नमक मिलाएं. गैस, एसिडिटी और दस्त होने पर आधा चम्मच गुनगुने पानी के साथ पी लें. ऐसा कहा जाता है कि इस चूरण से काफी आराम मिलता है. हालांकि आप पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें.
गुठली के अंदर के सफेद हिस्से को पतले-पतले टुकड़ों में काट लें. इन्हें हल्के से नमक वाले पानी में उबालें और फिर सुखा लें. इसके बाद थोड़े से घी में इन्हें हल्का भून लें. यह एक बेहतरीन, क्रंची और पाचक माउथ फ्रेशनर बन जाता है जिसे आप खाना खाने के बाद चबा सकते हैं.
आम की गुठली के सूखे पाउडर को थोड़े से सेंधा नमक और मंजन की तरह उंगली की मदद से दांतों पर रगड़ें. इससे दांतों का पीलापन दूर होता है, मसूड़े मजबूत होते हैं और मुंह की बदबू से हमेशा के लिए छुटकारा मिलता है.
गुठली के अंदर के बीज के पाउडर को नारियल के तेल या सरसों के तेल में मिलाकर धूप में कुछ दिनों के लिए रख दें. इस तेल से स्कैल्प की मालिश करने से डैंड्रफ खत्म होता है, बालों का झड़ना रुकता है और सफेद बाल भी नैचुरली काले होने लगते हैं.
इसके पाउडर में थोड़ा सा गुलाब जल या दही मिलाकर चेहरे पर लगाने से त्वचा का एक्स्ट्रा ऑयल साफ होता है. यह ओपन पोर्स को सिकोड़ने और पिंपल्स के दाग-धब्बों को दूर करने में बेहद मददगार है.