scorecardresearch
 

Gujarati Raja Rani Paratha: नाश्ते में बनाएं गुजराती स्टाइल राजा-रानी पराठा, चटनी के साथ आएगा स्वाद, मांग-मांगकर खाएंगे बच्चे!

गुजरात के सूरत का मशहूर राजा-रानी पराठा घर पर बनाना बेहद आसान है, जिसे देखते ही बच्चे खुश हो जाएंगे. सब्जियों, पनीर और मसालों की चटपटी भरावन के साथ तैयार इस पराठे के ऊपर शेजवान चटनी, मेयोनीज और चीज डाला जाता है. जानें गुजराती स्टाइल राजा-रानी पराठा बनाने की आसान रेसिपी और खास टिप्स.

Advertisement
X
सब्जियों से भरा पराठा झटपट बनता है.(PHOTO:AI)
सब्जियों से भरा पराठा झटपट बनता है.(PHOTO:AI)

Gujarati Raja Rani Paratha Recipe: नाश्ते में पराठा नॉर्थ इंडिया में लोग जमकर बनाते हैं और इसे लोग बड़े चाव से खाते भी हैं. आलू, गोभी और मूली के पराठे तो आपने बहुत खाए होंगे,  लेकिन इस बार घर पर गुजराती स्टाइल राजा-रानी पराठा ट्राई करें, इसका स्वाद और रंगों का ऐसा कॉम्बिनेशन इसे एक शाही डिश बनाती है. 

गुजरात के सूरत में खासतौर पर राजा-रानी पराठा बनाया जाता है, इसकी खासियत है कि यह नॉर्मल पराठों से थोड़ा अलग होता है. इसमें अंदर सब्जियों और पनीर की भरावन होती है, जबकि ऊपर से शेजवान चटनी, मेयोनीज और चीज डालकर इसे और भी चटपटा बनाया जाता है.

यह पराठा देखने में पिज्जा जैसा लगता है और इसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर भी परोसा जा सकता है. बच्चों के टिफिन से लेकर वीकेंड के नाश्ते तक, इसे कई मौकों पर बनाया जा सकता है. आइए घर पर सूरत का मशहूर राजा-रानी पराठा बनाने की आसान रेसिपी जानते हैं. 

राजा-रानी पराठा बनाने के लिए सामग्री

आटे के लिए

  • 1 कप गेहूं का आटा
  • 2 बड़े चम्मच बेसन
  • स्वादानुसार नमक
  • 1 छोटा चम्मच तेल
  • जरूरत के अनुसार पानी

भरावन और ऊपर डालने के लिए

Advertisement
  • आधा कप कद्दूकस किया हुआ चुकंदर, गाजर और पत्तागोभी
  • आधा कप उबले हुए स्वीट कॉर्न और फ्रेंच बीन्स
  • 1 बारीक कटी शिमला मिर्च
  • 1 बारीक कटा प्याज
  • 1 उबला हुआ आलू
  • आधा कप कद्दूकस किया हुआ पनीर
  • चीज के कुछ टुकड़े या कद्दूकस किया हुआ चीज
  • 1 छोटा चम्मच लहसुन का पेस्ट
  • हरे लहसुन के पत्ते और हरा धनिया
  • हल्दी, लाल मिर्च, भुना जीरा पाउडर और धनिया-जीरा पाउडर
  • स्वादानुसार सेंधा नमक और चाट मसाला
  • थोड़ा मैगी मसाला
  • शेजवान चटनी और मेयोनीज
  • सेंकने के लिए मक्खन या घी

कैसे बनाएं गुजराती स्टाइल राजा-रानी पराठा?

सबसे पहले आटा गूंथ लें

एक बर्तन में गेहूं का आटा, बेसन, नमक और थोड़ा तेल डालें. अब पानी की मदद से नरम लेकिन अच्छी तरह बंधने वाला आटा गूंथ लें. इसे 10 से 15 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि पराठा बेलना आसान हो जाए.

तैयार करें चटपटी सब्जियों की स्टफिंग 

एक पैन में थोड़ा तेल या मक्खन गर्म करें. इसमें लहसुन का पेस्ट और बारीक कटा प्याज डालकर हल्का भूनें. अब गाजर, चुकंदर, पत्तागोभी, शिमला मिर्च, उबले कॉर्न और फ्रेंच बीन्स डालें. इसमें मैश किया हुआ आलू और कद्दूकस किया पनीर भी मिला दें.

अब हल्दी, लाल मिर्च, जीरा पाउडर, धनिया-जीरा पाउडर, चाट मसाला और थोड़ा मैगी मसाला डालकर अच्छी तरह मिलाएं. आखिर में हरे लहसुन के पत्ते और हरा धनिया डालें. स्टफिंग को कुछ देर पकाकर ठंडा होने दें, ताकि पराठे में भरते समय यह बाहर न निकले.

Advertisement

पराठे में भरें सब्जियां

गूंथे हुए आटे की लोई बनाएं और उसे थोड़ा बेल लें. बीच में तैयार सब्जियों की स्टफिंग रखें. किनारों को उठाकर अच्छी तरह बंद करें और हल्के हाथ से पराठा बेल लें. ध्यान रखें कि भरावन बाहर न निकले.

मक्खन से तवे पर सेंकें

तवा गर्म करें और पराठे को दोनों तरफ से हल्का सेंक लें. अब किनारों पर मक्खन लगाकर मिडियम फ्लेम पर क्रिस्पी होने तक पकाएं. पराठे को अंदर तक पकने दें, ताकि आटा कच्चा न रहे.

ऊपर से डालें राजा-रानी वाली खास टॉपिंग

अब तैयार पराठे के ऊपर थोड़ी शेजवान चटनी और मेयोनीज फैलाएं. बची हुई सब्जियों की भरावन, कद्दूकस किया पनीर और चीज डालें. चाहें तो इसे ढककर लो फ्लेम पर कुछ मिनट पकाएं, ताकि चीज पिघल जाए. ऊपर से हरा धनिया डालकर गार्निश कर दें. 

चटनी या दही के साथ करें सर्व

गरमा-गरम राजा-रानी पराठे को पिज्जा की तरह छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. इसे हरी चटनी, टोमैटो सॉस या ठंडे दही के साथ परोस सकते हैं. सब्जियों, पनीर और चीज से भरपूर यह पराठा स्वाद में चटपटा और खाने में काफी मजेदार लगता है.

छोटी-सी टिप: स्टफिंग में पानी ज्यादा न रखें, वरना पराठा बेलते समय फट सकता है. मेयोनीज और शेजवान चटनी भी अपनी पसंद के अनुसार डालें, ताकि स्वाद बहुत तीखा या भारी न हो जाए.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement