Longevity tips: बॉलीवुड एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित के पति डॉ. श्रीराम नेने कार्डियोथोरेसिक सर्जन हैं. वह अक्सर लोगों के लिए सोशल मीडिया पर फिटनेस और हेल्दी लाइफस्टाइल के टिप्स शेयर करते रहते हैं. हाल ही में डॉ. नेने ने लंबी उम्र पाने के कुछ तरीके शेयर किए हैं. उनका मानना है कि लंबी उम्र का मतलब सिर्फ अपनी उम्र में कुछ साल जोड़ना नहीं बल्कि अपनी लाइफ को भी बेहतर बनाना है. डॉ. नेने के अनुसार, लंबी उम्र पाने के लिए कोई एक बड़ा सीक्रेट नहीं होता बल्कि छोटी-छोटी आदतों को बदलकर या अपनाकर लंबी उम्र पाई जा सकती है. वो तरीके कौन से हैं, इस बारे में जान लीजिए.
मूवमेंट (Movement)
डॉ. नेने का कहना है कि मूवमेंट ही दवा है. फिजिकल रूप से एक्टिव रहने से बढ़ रही उम्र में भी शरीर को लचीलापन और मजबूती मिलती है. सीढ़ियां चढ़ना हो, पार्क में वॉक करना हो या साइकिल चलाना, बस आपको हिलते-डुलते रहना है. रोजाना की फिजिकल एक्टिविटी कार्डियोवैस्कुलर डिजीज और टाइप 2 डायबिटीज जैसी बीमारियों के खतरे को कम करती है.
रिकवरी (Recovery)
अक्सर लोग आराम को समय की बर्बादी समझते हैं लेकिन यह आपकी रिकवरी का हिस्सा है. डॉ. नेने के मुताबिक, शांत जगह, अच्छी नींद, धूप और एक किताब पढ़ना रिकवरी के बेहतरीन तरीके हैं. पर्याप्त नींद और आराम आपके शरीर को रिपेयर करने और तनाव कम करने में मदद करते हैं.
नरिश (Nourish)
डॉ. नेने का कहना है, सही खानपान ही आपके शरीर को ताकत देता है. अपनी डाइट में फल, नट्स, दालें, दही और घर का बना खाना शामिल करें. अमेरिकन मेडिकल एसोसिएशन के अनुसार, साबुत अनाज, फल और सब्जियों से भरपूर डाइट कैंसर और दिल की बीमारियों के जोखिम को 20% तक कम कर सकती है.
शांत रहना (Calm)
आज की भागदौड़ भरी लाइफ में नर्वस सिस्टम को शांत रखना एक बड़ी स्किल है. इसके लिए आप म्यूजिक, प्रार्थना, प्रकृति या किसी से सार्थक बातचीत का सहारा ले सकते हैं. तनाव आपकी उम्र को तेजी से घटा सकता है, इसलिए खुद को 'पाउज, ब्रीद और रिसेट' करना सीखें.
सोशलाइजेशन (Connect)
इंसान एक सामाजिक प्राणी है इसलिए अपनों के साथ जुड़े रहना बहुत जरूरी है. परिवार के साथ खाना खाना, दोस्तों से बात करना या साथ वॉक पर जाना आपको मानसिक रूप से स्वस्थ रखता है. मजबूत सामाजिक संबंध हार्मोन के स्तर को बेहतर कर इम्यून सिस्टम को बूस्ट करते हैं.