Jhalmuri Vs Bhelpuri Vs Churumuri: पश्चिम बंगाल के चुनाव के बीच बंगाल का स्ट्रीट फूड जरूर चर्चा में आ गया है, हाल ही में चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक दुकान पर जा पहुंचे. जहां उन्होंने बंगाल का मशहूर झालमुड़ी बनवाकर खाया. उनका वो वीडियो महज 24 घंटे में ही 100 मिलियन व्यूज पार कर चुका था और पिछले 22 सालों में झालमुड़ी को सबसे ज्यादा इस बार सर्च किया गया. झालमुड़ी को एक स्ट्रीट फूड है, जिसे बंगाली लोग अधिकतर शाम के समय खाते हैं, लेकिन ऐसा नहीं है कि सिर्फ बंगाल में ही यह चीज बनती है और खाई जाती है.
बंगाल ही नहीं बल्कि भारत में अलग-अलग राज्य में मुरमुरे से बनने वाली इस डिश को बनाया जाता है और अलग-अलग नामों से भी बुलाया जाता है. झालमुड़ी बंगाल में, भेलपुरी दिल्ली और महाष्ट्र में तो बेंगलुरु साइड में चुरुमुरी कहा जाता है. नाम भले ही बदलते रहें, लेकिन इसका चटपटा स्वाद हर जगह लोगों का दिल जीत लेता है.देखने में ये तीनों एक जैसे लग सकते हैं, क्योंकि इनमें मुरमुरा का इस्तेमाल होता है, लेकिन स्वाद, बनाने का तरीका और मसालों के कारण ये एक-दूसरे से काफी अलग हैं.
मुंबई की सड़कों पर आपको फिल्म स्टार्स तो नहीं दिखेंगे, लेकिन ठेले पर भेलपुरी जरूर मिल जाएगी. वड़ा पाव के बाद मुंबई की सड़कों पर लोगों का सबसे पसंदीदा स्ट्रीट फूड भेलपुरी ही है, जो थोड़ा मीठा, खट्टा और नमकीन स्वाद का होता है, इसमें चटनी का इस्तेमाल इसे खास बनाता है.
बनाने का तरीका
मुरमुरा में उबले आलू के टुकड़े, प्याज, टमाटर, सेव और पापड़ी डालें, फिर इमली की मीठी चटनी और हरी चटनी मिलाएं. ऊपर से चाट मसाला, नमक और नींबू का रस डालें, अच्छे से मिलाकर तुरंत खाएं, वरना यह नरम हो जाएगा और इसका कुरकुरापन खत्म हो जाएगा.
झालमुड़ी पश्चिम बंगाल का फेमस स्ट्रीट फूड है, झाल का मतलब होता है तीखा. इसलिए इसका टेस्ट थोड़ा स्पाइसी और चटपटा होता है.
बनाने का तरीका
एक बाउल में मुरमुरा लें, उसमें बारीक कटा प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, मूंगफली और थोड़ा सा सरसों का तेल डालें. ऊपर से लाल मिर्च पाउडर, चाट मसाला, नमक और नींबू का रस मिलाएं, अच्छी तरह मिक्स करें और तुरंत सर्व करें.
चुरुमुरी कर्नाटक और खासतौर पर बेंगलुरु का फेमस स्ट्रीट फूड है, इसका स्वाद हल्का तीखा और खट्टा होता है और इसमें नारियल का खास फ्लेवर होता है.
बनाने का तरीका
एक बर्तन में मुरमुरा लें, उसमें कद्दूकस किया हुआ नारियल, प्याज, टमाटर, हरी मिर्च और मूंगफली डालें. फिर थोड़ा सा तेल, नमक, लाल मिर्च पाउडर और नींबू का रस डालकर अच्छे से मिक्स करें और तुरंत सर्व करें.
इन तीनों का बेस एक ही मुरमुरा है, लेकिन झालमुड़ी में सरसों का तेल और तीखापन ज्यादा होता है, भेलपुरी में मीठी-खट्टी चटनी का स्वाद आता है, जबकि चुरुमुरी में नारियल का स्वाद इसे अलग बनाता है.