Wood Furniture Polishing Tips: घर चाहे मॉडर्न हों या फिर पुराने स्टाइल के बने उनकी खूबसूरती बढ़ाने के लिए अक्सर लोग लकड़ी के फर्नीचर लगाते हैं. चाहे फिर वो बेड हो, सोफे हों, टेबल और अलमारी ये न सिर्फ घर की खूबसूरती बढ़ाते हैं, बल्कि लोगों के काम भी आती हैं. शुरुआत में लकड़ी के फर्नीचर जब घर आते हैं, तो इनकी चमक देखने लायक होती है. लेकिन जैसे-जैसे समय बीतता है और इनका इस्तेमाल किया जाता है, वैसे-वैसे धूल-मिट्टी और नमी के कारण इनकी नेचुरल शाइन गायब हो जाती है. इनके ऊपर जिद्दी दाग-धब्बे और खुरदरापन नजर आने लगता है.
इनकी रंगत छिन जाने की वजह से कई बार लोग नया फर्नीचर खरीदने की सोच लेते हैं, लेकिन हर बार नया फर्नीचर खरीदना बजट बिगाड़ देता है. ऐसे में ज्यादातर लोग बाजार में मिलने वाले महंगे वुडन क्लीनिंग प्रोडक्ट्स या पॉलिश कराने का रास्ता चुनते हैं. इस तरीके में भी लोगों के खूब पैसे खर्च होते हैं. अगर आप भी ऐसा करते हैं, तो अब करने की जरूरत नहीं है. आप बिना एक भी रुपया खर्च किए, आप घर में रखी कुछ मामूली चीजों से अपने फर्नीचर को शोरूम जैसा नया बना सकते हैं. चलिए जानते हैं उन तरीकों के बारे में जो आपको हजारों रुपये बचा लेंगे और फर्नीचर की चमक भी वापस ले आएंगे.
ऑलिव ऑयल और विनेगर लिक्विड
अगर आप लकड़ी के फर्नीचर की खोई हुई चमक वापस लाना चाहते हैं, तो ऑलिव ऑयल और सफेद सिरके का ये नुस्खा आपके लिए सबसे बढ़िया रहेगा.
इसे तैयार करने के लिए आपको एक छोटी कटोरी में 2 चम्मच ऑलिव ऑयल और 1 चम्मच सफेद सिरका डालकर अच्छी तरह मिलाना होगा. जब ये तैयार हो जाए तब एक साफ और मुलायम सूती कपड़ा लें. कपड़े को लिक्विड में डुबोकर हल्के हाथों से अपने फर्नीचर पर लगाएं. इसके बाद दूसरे सूखे कपड़े से उस जगह को अच्छी तरह पोंछ लें.
ये नुस्खा खूब काम आता है क्योंकि इसमें मौजूद सफेद सिरका लकड़ी पर जमे सारे जिद्दी दाग-धब्बों को पल भर में काट देता है, वहीं ऑलिव ऑयल लकड़ी को गहराई से पोषण देकर उसे एकदम नए जैसा चमका देता है. हफ्ते में एक बार इस तरीके को आजमाने से फर्नीचर हमेशा चमचमाता रहेगा.
चायपत्ती के पानी से घर पर बनाएं पॉलिश
चाय बनाने वाली मामूली सी चायपत्ती भी आपके बेजान पड़े फर्नीचर को फिर से चमका सकती है. ये तरीका लकड़ी की रंगत को एकदम गहरा और नया लुक देता है.
चायपत्ती के पानी से लकड़ी की पॉलिश बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में पानी लें और उसमें 2-3 चम्मच चायपत्ती डालकर अच्छी तरह उबाल लें. जब चायपत्ती का रंग पानी में पूरी तरह उतर जाए, तो गैस बंद कर दें और पानी को ठंडा होने के लिए छोड़ दें. अब इस ठंडे पानी में दो चम्मच नारियल का तेल और दो चम्मच सफेद सिरका मिलाएं. बस आपकी लकड़ी की पॉलिश तैयार है.
पॉलिश फर्नीचर पर लगाने से पहले उसे सूखे कपड़े से अच्छी तरह से साफ कर लें ताकि धूल हट जाए. अब एक साफ कपड़े की मदद से पॉलिश को फर्नीचर पर बराबर मात्रा में लगाएं. इसे करीब 10 मिनट के लिए सूखने दें. जब ये अच्छे से सूख जाए, तब सूखे कपड़े से पूरे फर्नीचर को रगड़कर पोंछ लें. ऐसा करने से लकड़ी शीशे की तरह चमक उठेगी.
फर्नीचर को हमेशा नया रखने के लिए क्या करें?
इन घरेलू नुस्खों को आजमाने के साथ-साथ अगर आप कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखेंगे, तो आपका फर्नीचर सालों-साल खराब नहीं होगा:
रोजाना की सफाई: फर्नीचर पर धूल नहीं जमने देनी चाहिए. हर दिन एक सूखे कपड़े से इसकी डस्टिंग जरूर करें.
नमी और पानी से रखें दूर: पानी, लकड़ी का सबसे बड़ा दुश्मन माना जाता है. ज्यादा नमी की वजह से लकड़ी फूल सकती है या उस पर फंगस के दाग पड़ सकते हैं. इसलिए लकड़ी के फर्नीचर पर कभी भी गीला कपड़ा नहीं मारना चाहिए.
कड़ी धूप से बचाएं: फर्नीचर को सीधे धूप के कॉन्टैक्ट में नहीं आने देना चाहिए. तेज और सीधी धूप के कारण लकड़ी की पॉलिश बहुत जल्दी फीकी और बेजान पड़ने लगती है.