घर को खूबसूरत बनाने के लिए लोग ना सिर्फ डिजाइन फर्नीचर खरीदते हैं, बल्कि खूब सारे हरे-भरे पौधे भी लगाते हैं. पौधे लगाना तो सबको पसंद होता है, लेकिन उन्हें लगाने के लिए जब हर बार बाजार से गमले खरीदने पड़ते हैं तो लोगों को बहुत जोर पड़ता है. दरअसल, बाजार में मिलने वाले गमले बहुत महंगे आते हैं, जिन्हें हर बार खरीदना लोगों का बजट बिगाड़ सकता है. अगर आप भी यही सोचते हैं कि घर पर पौधे लगाने के लिए बाजार से गमले खरीदने की जरूरत होती है, तो ऐसा बिल्कुल नहीं है.
घर में हरियाली लाने के लिए जरूरी नहीं कि आप बाजार से महंगे-महंगे गमले खरीदकर लाएं. कई बार घर में पड़ी ऐसी चीजें, जिन्हें हम बेकार समझकर कबाड़ में डाल देते हैं, पौधे उगाने के काम आ सकती हैं. इससे न सिर्फ घर में हरियाली बढ़ेगी, बल्कि पुराने सामान का दोबारा इस्तेमाल भी हो जाएगा. आइए जानते हैं ऐसी 6 चीजों के बारे में, जिनमें आप गमलों की जगह पौधे उगा सकते हैं.
1. पुरानी प्लास्टिक की बोतल: खाली प्लास्टिक की बोतलों को फेंकने के बजाय प्लांटर बना सकते हैं. बोतल को काटकर उसमें मिट्टी भरें और पुदीना, धनिया या छोटे फूल वाले पौधे लगाएं. चाहें तो बोतल को कलर करके बालकनी में भी टांग सकते हैं. बस नीचे पानी निकलने के लिए छेद जरूर बनाएं, ताकि जड़ों में पानी जमा न हो.
2. पुरानी बाल्टी और टूटे टब में उगाएं सब्जियां: घर में पड़ी पुरानी बाल्टी या टूटे टब में टमाटर, मिर्च और बैंगन जैसे पौधे उगा सकते हैं. इसके लिए कंटेनर को साफ करके नीचे छेद बनाएं और उसमें मिट्टी व खाद भर दें. ध्यान रखें कि पौधों की जड़ों को अच्छी जगह मिले और एक्स्ट्रा पानी आसानी से निकल सके.
3. कांच की बोतल या जार में उगाएं मनी प्लांट: मनी प्लांट, पोथोस और लकी बैम्बू जैसे पौधों को पानी में भी उगाया जा सकता है. इसके लिए कांच की बोतल या जार में साफ पानी भरें और पौधे की कटिंग का गांठ वाला हिस्सा पानी में रखें. पत्तियों को पानी से बाहर रखें और समय-समय पर पानी बदलते रहें.
4. पुराने टायर से बनाएं फ्लावर बेड: पुराने टायर को साफ करके रंग दें और उसमें मिट्टी भरकर मौसमी फूल या डेकोरेटिव पौधे लगाए जा सकते हैं. एक से ज्यादा टायरों को सजाकर बालकनी या आंगन में खूबसूरत गार्डन बना सकते हैं. ध्यान रखें कि इनमें पानी जमा न हो और खाने वाली सब्जियां उगाने के लिए टायर का इस्तेमाल करने से बचें.
5. पुराने डिब्बों में लगाएं पौधे: घर में पड़े खाली और मजबूत डिब्बों को छोटे प्लांटर में बदल सकते हैं. इन्हें साफ करके धनिया, पुदीना और छोटे डेकोरेटिव पौधे लगाएं. ध्यान रखें कि डिब्बा प्लांट फ्रेंडली मेटीरियल का बना हो और उसमें पहले कोई केमिकल न रखा गया हो. मिट्टी वाले प्लांटर में पानी निकलने के लिए छेद जरूर बनाएं.
6. नारियल के खोल में उगाएं छोटे पौधे: नारियल का सख्त खोल छोटे पौधों के लिए सुंदर प्लांटर बन सकता है. इसे साफ करके इसमें मिट्टी भरें और छोटे सजावटी पौधे लगाएं. चाहें तो रस्सी की मदद से इसे हैंगिंग प्लांटर की तरह बालकनी में टांग सकते हैं. वहीं, नारियल के रेशों से बना कोकोपीट मिट्टी के मिश्रण में नमी बनाए रखने में मदद करता है.