scorecardresearch
 

गमले में उगा सकते हैं जीरा, आसान है तरीका; बढ़ जाएगा तड़के से लेकर सब्जी तक का स्वाद

How To Grow Jeera At Home: दाल और सब्जी में तड़के के लिए इस्तेमाल होने वाला जीरा आप घर पर भी उगा सकते हैं. इसे उगाने के लिए आपको सही मिट्टी, गमला और देखभाल की जानकारी होना जरूरी है. आज हम आपको गमले में जीरा उगाने का तरीका बताने वाले हैं.

Advertisement
X
घर में जीरा उगाने के लिए आप बीज या पौधा दोनों तरीके अपना सकते हैं. (Photo: ITG)
घर में जीरा उगाने के लिए आप बीज या पौधा दोनों तरीके अपना सकते हैं. (Photo: ITG)

How To Grow Jeera At Home: रसोई में दाल में तड़का लगाना हो, सब्जी का स्वाद बढ़ाना हो या फिर रायते को चटपटा बनाना हो, जीरे के बिना ज्यादातर व्यंजनों का स्वाद अधूरा लगता है. आमतौर पर लोग बाजार से जीरे का पैकेट खरीदकर लाते हैं और जरूरत के हिसाब से रसोई में इस्तेमाल करते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपकी रसोई में इस्तेमाल होने वाला जीरा घर पर भी उगाया जा सकता है? जी हां, अगर आपको बागवानी का शौक है, तो आप अपने घर की बालकनी, छत या धूप वाली जगह पर गमले में जीरे का पौधा लगा सकते हैं.

इसके लिए आपको किसी खास तरह की गार्डनिंग टिप्स की जानकारी या बड़े बगीचे की जरूरत नहीं है. सही गमला, अच्छी मिट्टी, जीरे के बीज और थोड़ी-सी देखभाल से आप घर पर ही जीरा उगाने की कोशिश कर सकते हैं. बस पौधे को सही धूप, जरूरत के हिसाब से पानी और समय-समय पर खाद देना जरूरी है. आइए जानते हैं गमले में जीरा उगाने का आसान तरीका और उसकी देखभाल से जुड़ी जरूरी बातें.

जीरा उगाने के लिए कैसा गमला चुनें?
अगर आप घर पर जीरे का पौधा लगाना चाहते हैं, तो सबसे पहले सही गमला चुनना जरूरी है. इसके लिए ऐसा गमला लें जिसमें पौधे की जड़ें आसानी से फैल सकें. गमले के नीचे पानी निकलने के लिए छेद होना जरूरी है, क्योंकि पानी जमा होने से जड़ें खराब हो सकती हैं. आप मिट्टी, प्लास्टिक या दूसरे मटेरियल के गमले का इस्तेमाल कर सकते हैं, बस देख लें कि उसमें से पानी ठीक से निकल रहा हो.  
 
मिट्टी में ऐसे बोएं जीरे के बीज
जीरे का पौधा लगाने के लिए भुरभुरी और अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी चुनें. गमले में मिट्टी भरने के बाद उसमें करीब आधा इंच गहरा गड्ढा बनाएं और जीरे के बीज डाल दें. इसके ऊपर हल्की मिट्टी डालकर ढक दें और थोड़ा पानी छिड़कें. ध्यान रखें कि बीज बहुत गहराई में न दबें. बीज खरीदते समय इस बात का ध्यान रखें कि वो अंकुरित हो सकें. रसोई में इस्तेमाल होने वाले जीरे के सभी बीज अंकुरित हों, ये जरूरी नहीं है.
 
पौधे को कितनी धूप और पानी चाहिए?
जीरे के पौधे की अच्छी बढ़त के लिए धूप जरूरी है. इसलिए गमले को ऐसी जगह रखें, जहां उसे रोजाना अच्छी धूप मिल सके. बालकनी या छत पर धूप वाली जगह इसके लिए बेहतर हो सकती है.

पानी देते समय भी थोड़ी सावधानी बरतनी चाहिए. मिट्टी में नमी बनाए रखें, लेकिन उसे जरूरत से ज्यादा गीला न करें. अगर मिट्टी ऊपर सूखने लगे, तो पानी दें. गमले में पानी जमा होने से बीज और पौधे की जड़ें सड़ सकती हैं.

पौधे की अच्छी ग्रोथ के लिए डालें खाद
जीरे के पौधे को बढ़ने के लिए पोषक तत्वों की जरूरत होती है. इसके लिए मिट्टी में ऑर्गेनिक खाद या वर्मी कम्पोस्ट मिला सकते हैं. पौधे की बढ़त और मिट्टी की कंडीशन को देखते हुए समय-समय पर थोड़ी खाद दें. खाद की मात्रा बहुत ज्यादा न रखें, क्योंकि जरूरत से अधिक खाद डालना भी पौधे को नुकसान पहुंचा सकता है.
 
कितने दिन में तैयार होगा घर का जीरा?
जीरे का पौधा बढ़ने के बाद उसमें फूल आते हैं और फिर धीरे-धीरे बीज बनने लगते हैं. इसका पूरा प्रोसेस मौसम, धूप, मिट्टी और पौधे की देखभाल पर निर्भर करता है. इसलिए केवल कुछ हफ्तों में ही जीरे की फसल तैयार होने की उम्मीद न करें. पौधे पर बीज बनने के बाद उन्हें पकने और सूखने का समय देना जरूरी है.

जब बीज पूरी तरह पक जाएं और पौधे के फूलों वाले हिस्से सूखने लगें, तब उन्हें सावधानी से इकट्ठा किया जा सकता है. इसके बाद बीजों को अच्छी तरह सुखाकर स्टोर करें, ताकि उनमें नमी न रहे.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement