गर्मियां केवल चिलचिलाती धूप ही नहीं बल्कि अपने साथ घर में कॉकरोच और चीटियों की समस्या भी लाती हैं. तापमान बढ़ने पर ये कीड़े नमी और खाने की तलाश में दरारों से बाहर निकलकर सीधे आपकी रसोई और डाइनिंग टेबल तक पहुंच जाते हैं. चीटियां खाने-पीने की चीजों के पीछे जाती हैं तो वहीं कॉकरोच गंदगी फैलाकर बीमारियों का जोखिम बढ़ाते हैं. अगर आप भी पेस्ट कंट्रोल पर हजारों खर्च नहीं करना चाहते तो आपकी रसोई में ही कुछ ऐसी चीजें मौजूद हैं जिनसे आप इनका काम तमाम कर सकते हैं.
कीड़ों को भगाने के असरदार तरीके
कीड़ों को भगाने के लिए बाजार में ढेरों केमिकल्स और स्प्रे आते हैं लेकिन वो ना केवल महंगे होते हैं बल्कि उनका असर लंबे समय के लिए नहीं होता है इसलिए ये घरेलू तरीके आपके काफी काम आ सकते हैं.
बेकिंग सोडा और चीनी का इस्तेमाल है असरदार: बराबर मात्रा में बेकिंग सोडा और पिसी चीनी मिलाएं. इसे कॉकरोच वाली जगहों पर डालें. चीनी उन्हें आकर्षित करेगी और बेकिंग सोडा उन्हें खत्म कर देगा.
सफेद सिरका भी काफी मददगार: पानी और सिरके का 1:1 घोल बनाकर चीटियों के रास्तों और कोनों में स्प्रे करें. इसकी तेज गंध से चीटियां रास्ता भटक जाती हैं और दोबारा नहीं आतीं.
बोरिक एसिड और आटा करेगा कमाल: थोड़े से आटे में बोरिक एसिड और चीनी मिलाकर छोटी गोलियां बना लें. इन्हें सिंक के नीचे और अलमारी के पीछे रखें. यह कॉकरोच भगाने का सबसे अचूक तरीका है.
तेजपत्ता का करें इस्तेमाल: कॉकरोच को तेजपत्ते की गंध से नफरत होती है. इसे मसलकर कोनों में रख दें, वे वहां से भाग जाएंगे.
हल्दी और दालचीनी का करें यूज: चीटियों वाली जगह पर हल्दी या दालचीनी का पाउडर छिड़क दें. इनकी तीखी खुशबू चीटियों को घर से बाहर रखने में मदद करती है.