तेलंगाना में कांग्रेस एमएलए अनिरुद्ध रेड्डी ने अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए भूख हड़ताल की चेतावनी दी है. उन्होंने जडचर्ला में पेंडिंग पड़े 40 करोड़ रुपये के सड़क निर्माण कार्यों के बिलों को जल्द रिलीज करने की मांग की है.
विधायक ने साफ कहा कि अगर फंड्स रिलीज नहीं हुए, तो वह अपनी जान की परवाह न करते हुए अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठेंगे.
कांग्रेस विधायक अनिरुद्ध रेड्डी ने कहा, 'मैं जडचर्ला निर्वाचन क्षेत्र में 30,000 लोगों के साथ विरोध प्रदर्शन करूंगा. मैं अपनी आखिरी सांस तक यह विरोध जारी रखूंगा. फंड मंज़ूर होने चाहिए और सड़कें पूरी होनी चाहिए.'
उन्होंने कहा, 'इन सड़कों को सबसे पहले मंज़ूरी मेरे मेंटर कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी ने दी थी, मैं उनसे मिलूंगा और जवाब मांगूंगा. फाउंडेशन स्टोन पहले ही रखा जा चुका है, और अब उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्का ने भी पदयात्रा की है. उनकी यात्रा के दौरान मैंने जडचर्ला में 38,000 लोगों के साथ एक जनसभा की थी.'
कांग्रेस विधायक ने कहा, 'मैं भट्टी विक्रमार्का से भी अपील कर रहा हूं कि वे मेरे निर्वाचन क्षेत्र में सड़क कार्यों के बकाया बिलों का जल्द से जल्द भुगतान करें. वरना, मैं अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठूंगा. भले ही मुझे अपनी जान देनी पड़े, जडचर्ला के लिए फंड जारी होना ही चाहिए.'
कांग्रेस विधायक ने आगे कहा कि अगर जडचर्ला के लिए फंड हासिल करने के लिए मेरी मौत ही रास्ता है, तो मैं अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल करने और इस मकसद के लिए अपनी जान देने तक को तैयार हूं. नागरकुरनूल के आरएंडबी (R&B) विभाग के एक ठेकेदार की मौत के बाद 5 करोड़ रुपये के बिलों का भुगतान मिला था. अब सरकार को यह तय करना है कि 40 करोड़ रुपये के बिल रिलीज करने के लिए मुझे मरना पड़ेगा या फिर मुझे जिंदा रहने दिया जाना चाहिए.