पिछले कुछ घंटों से दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई है. गर्मी के तपिश के बाद बारिश की फुहारें हर किसी को बहुत अच्छी लगती हैं लेकिन लगातार बारिश होने से कपड़ों को सुखाने में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ता है. धूप नहीं निकलने, बादल रहने और लगातार होने वाली बारिश की वजह से कपड़ों में कई दिन तक नमी बनी रहती है. इससे न सिर्फ कपड़ों में फंगस लगने का डर रहता है बल्कि उनमें से एक अजीब सी सीलन भरी बदबू भी आने लगती है.
कपड़े सुखाने की बेहतरीन ट्रिक्स
अगर आप भी इस मौसम में गीले कपड़ों और उनकी बदबू से परेशान हैं तो घबराइए मत. आज हम आपको कुछ ऐसे ही आसान और असरदार हैक्स बताने जा रहे हैं जिनकी मदद से आप बिना धूप के भी अपने कपड़ों को झटपट सुखा सकते हैं और उन्हें फ्रेश रख सकते हैं.
एक्सट्रा स्पिन साइकिल का इस्तेमाल करें: वॉशिंग मशीन में कपड़े धोते समय 'स्पिन' साइकिल को दो बार चलाएं. इससे कपड़ों का अतिरिक्त पानी पूरी तरह निकल जाएगा और वे बहुत जल्दी सूखेंगे.
तौलिया और प्रेस हैक : अगर कोई कपड़ा ज्यादा गीला है तो उसे एक सूखे और मोटे तौलिये के बीच में लपेटकर दबाएं. तौलिया अतिरिक्त नमी सोख लेगा. इसके बाद आप हल्के गीले कपड़े पर प्रेस चलाकर उसे तुरंत सुखा सकते हैं.
पंखा और वेंटिलेशन: कपड़ों को कमरे के अंदर सुखाते समय पंखे को फुल स्पीड पर रखें. ध्यान रहे कि जिस कमरे में कपड़े फैले हों, उसकी खिड़की थोड़ी खुली रखें ताकि हवा क्रॉस-वेंटिलेट हो सके और नमी बाहर निकल जाए.
हैंगर का स्मार्ट उपयोग: कपड़ों को रस्सी पर सीधा डालने के बजाय हैंगर में लटकाकर सुखाएं. इससे कपड़ों के बीच हवा आसानी से आर-पार होती है और वे हर तरफ से बराबर सूखते हैं.
सिरका या बेकिंग सोडा: कपड़ों से सीलन की बदबू दूर करने के लिए कपड़े धोते समय पानी में एक चम्मच सफेद सिरका या बेकिंग सोडा मिला दें. इससे बैक्टीरिया खत्म होते हैं और कपड़ों में ताजगी बनी रहती है.