How to cool room without AC: चिलचिलाती गर्मी और उमस भरे मौसम में एयर कंडीशनर राहत तो देता है लेकिन भारी-भरकम बिजली बिल बजट बिगाड़ देता है. ऐसे में मिडल क्लास फैमिली के लिए कूलर ही सबसे बड़ा सहारा होता है. हालांकि, तपती गर्म, वेंटिलेशन की कमी और सही रखरखाव न होने के कारण कूलर ठंडी की जगह गर्म हवा फेंकने लगता है.
कूलर की कूलिंग बढ़ाने की ट्रिक्स
अगर आप भी गर्म हवा और उमस से परेशान हैं तो परेशान होने की जगह कुछ आसान और स्मार्ट ट्रिक्स अपनाकर आप अपने साधारण कूलर को भी एसी (AC) जैसा पावरफुल बना सकते हैं. आइए जानते हैं वो कौन से तरीके हैं जिनसे आप बिना जेब ढीली किए घर को बर्फ जैसा ठंडा रख सकते हैं.
वेंटिलेशन का रखें ध्यान
कूलर के साथ आपको सबसे पहला ध्यान रखना है कि ये हवादार जगह पर रखा जाए. उसे हमेशा ऐसी जगह रखें जहां से वो ताजी हवा ले सके. कमरे की खिड़की या दरवाजे के पास कूलर रखना सबसे सही होता है. साथ ही कमरे का एक और दरवाजा या खिड़की थोड़ी खुली रखें ताकि हवा का क्रॉस-वेंटिलेशन होता रहे और कमरे में उमस न बने.
खस की सफाई और पानी का छिड़काव
कूलर की घास अगर पुरानी हो गई है या उसमें धूल जम गई है तो उसे बदल दें. कूलर चलाने से पहले उसकी घास को पानी से अच्छी तरह गीला कर लें, इससे हवा तुरंत ठंडी आने लगती है.
बर्फ के टुकड़ों का इस्तेमाल
कूलर की कूलिंग को दोगुना करने के लिए उसके पानी के टैंक में बर्फ के कुछ टुकड़े या आइस पैक डाल दें. इससे पानी ठंडा रहेगा और कूलर से निकलने वाली हवा सीधे एसी जैसी फीलिंग देगी.
पंप की सफाई
समय-समय पर कूलर के वॉटर पंप को साफ करते रहें ताकि पानी का बहाव तीनों तरफ की घास पर समान रूप से बना रहे. अगर घास पूरी तरह नहीं भीगती, तो कूलर ठंडी हवा नहीं देगा.
धूप से बचाव
कूलर को सीधी धूप से बचाएं. अगर कूलर ऐसी जगह है जहां कड़ी धूप पड़ती है तो उसके ऊपर छाया या शेड का इंतजाम करें. कूलर की बॉडी जितनी ठंडी रहेगी, हवा उतनी ही ठंडी होगी.
गीले तौलिए या गमछे का इस्तेमाल है मददगार
अगर आपके पास छोटा कूलर है तो उसके सामने एक गीला और ठंडा तौलिया लटका दें. यह इवेपोरेटिव कूलिंग के सिद्धांत पर काम करता है जिससे पानी के वाष्पीकरण से हवा का तापमान कम होता है. साथ ही हवा नमी भरी और ठंडी बनती है.