सब्जी बनानी हो, पूरियां तलनी हों या फिर कोई स्नैक तैयार करना हो, हमारे किचन में कढ़ाही सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले बर्तनों में से एक है. ऐसे में लगातार इस्तेमाल और तेल-मसालों के धुएं के कारण कढ़ाही के हैंडल के पास एक मोटी, काली और चिपचिपी परत जम जाती है और उसे डिशवॉश सोप या लिक्विड से साफ करना बेहद मुश्किल होता है. कई बार तो लोग इसे रगड़-रगड़ कर थक जाते हैं लेकिन यह जिद्दी कालिख हटने का नाम नहीं लेती. यदि आपकी कढ़ाही का हाल भी कुछ ऐसा ही हो गया है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. आपके किचन में ही कुछ ऐसी चीजें मौजूद हैं जो इस समस्या को मिनटों में दूर कर सकती हैं. आइए कढ़ाही के हैंडल को चमकाने के 3 सबसे असरदार और आसान घरेलू जुगाड़ के बारे में जानते हैं.
बेकिंग सोडा और विनेगर
कढ़ाही के हैंडल पर जमी हुई चिकनाई की परत को हटाने के लिए बेकिंग सोडा और विनेगर सबसे अच्छा माना जाता है. इनके इस्तेमाल के लिए सबसे पहले हैंडल वाले हिस्से पर 2 चम्मच बेकिंग सोडा अच्छी तरह छिड़क दें और उसके बाद विनेगर डालें. जैसे ही आप विनेगर डालेंगे उसमें झाग बनने लगेगा.
फिर उस रिएक्शन को करीब 15 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें. फिर पुराने टूथब्रश या स्क्रबर की मदद से हैंडल को रगड़कर साफ कर लें. आप देखेंगे कि जमी हुई सारी कालिख और चिकनाई आसानी से पिघलकर बाहर आ जाएगी.
नींबू और नमक
नींबू में मौजूद साइट्रिक एसिड और नमक का खुरदरापन मिलकर बर्तनों की सफाई में जादू की तरह काम करते हैं. इसके लिए आपको एक बड़ा नींबू का टुकड़ा लेना है और उस पर ढेर सारा नमक डालना है. अब इस नींबू को कढ़ाही के काले पड़े हैंडल और उसके आस-पास के कोनों पर अच्छी तरह रगड़ें.
यदि चिकनाई बहुत ज्यादा पुरानी है तो आप नींबू के रस में नमक मिलाकर एक पेस्ट बना सकते हैं और उसे हैंडल पर लगाकर 20 मिनट के लिए छोड़ सकते हैं. बाद में मेटल स्क्रबर से हल्का सा रगड़ने पर ही हैंडल एकदम नए जैसा चमक उठेगा.
लिक्विड डिटर्जेंट और गर्म पानी
तीसरा और बेहद आसान तरीका गर्म पानी और डिटर्जेंट है. इसका इस्तेमाल करने के लिए एक बड़े बर्तन या टब में उबलता हुआ तेज गर्म पानी लें. अब इसमें 2 चम्मच कपड़े धोने वाला डिटर्जेंट पाउडर या लिक्विड डिटर्जेंट मिलाएं. इस गर्म पानी के घोल में कढ़ाही के सिर्फ हैंडल वाले हिस्से को डुबोकर 25 से 30 मिनट के लिए छोड़ दें.
गर्म पानी और डिटर्जेंट का मिक्सचर चिकनाई के बॉन्ड को कमजोर कर देते हैं और आप देखेंगे कि धीरे-धीरे कालिख कमजोर हो रही है. आधे घंटे बाद पानी से धो लें.