
खराब लाइफस्टाइल के बीच खुद को फिट रखना एक बड़ी चुनौती है इसलिए शरीर को जरूरी पोषण देने के लिए लोग अक्सर ड्राई फ्रूट्स का सहारा लेते हैं, जिनमें बादाम सबसे ऊपर आता है. बादाम न केवल ममोरी तेज करने के लिए जाना जाता है, बल्कि यह प्रोटीन, फाइबर, विटामिन ई और मैग्नीशियम का भी बेहतरीन सोर्स है. लेकिन अक्सर एक सवाल सबके मन में आता है कि एक दिन में आखिर कितने बादाम खाने चाहिए? खासकर उन लोगों के लिए जिनकी उम्र 40 साल से कम है, क्योंकि इस उम्र में मेटाबॉलिज्म और फिजिकल एक्टिविटी काफी अधिक होती है.
न्यूट्रिशन एक्सपर्ट्स के मुताबिक, एक स्वस्थ वयस्क व्यक्ति को दिन भर में करीब 28 से 30 ग्राम बादाम खाने की सलाह दी जाती है. अगर इसे संख्या में देखें, तो 40 साल तक के पुरुषों के लिए रोजाना 20 से 22 बादाम पर्याप्त होते हैं.
वहीं, महिलाओं के लिए यह संख्या 15 से 18 के बीच होनी चाहिए. हालांकि, यह मात्रा आपकी फिजिकल एक्टिविटी पर भी निर्भर करती है. अगर आप जिम जाते हैं या भारी मेहनत वाला काम करते हैं तो इसकी संख्या थोड़ी बढ़ाई जा सकती है.

बादाम को सीधे खाने के बजाय भिगोकर खाना ज्यादा बेहतर माना जाता है. दरअसल, बादाम के छिलके में टैनिन नाम का तत्व होता है जो पोषक तत्वों के अवशोषण को रोक सकता है. रात भर पानी में भिगोने से बादाम का छिलका आसानी से उतर जाता है और इसमें मौजूद एंजाइम सक्रिय हो जाते हैं, जिससे यह पचने में आसान हो जाता है.
40 साल की उम्र तक पाचन तंत्र को दुरुस्त रखने के लिए भीगे बादाम खाना एक स्मार्ट चॉइस है.
बादाम में मौजूद मोनोअनसैचुरेटेड फैट्स शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने और गुड कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाने में मदद करते हैं. यह दिल की सेहत के लिए बहुत अच्छा है. साथ ही, इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर की कोशिकाओं को डैमेज होने से बचाते हैं, जिससे बढ़ती उम्र का असर चेहरे और शरीर पर कम दिखता है.
अगर आप रोजाना सही मात्रा में इसका सेवन करते हैं, तो यह आपकी इम्यूनिटी को भी बूस्ट करता है.
बादाम सेहतमंद है, इसका मतलब यह नहीं कि इसे मुट्ठी भर कर कभी भी खाया जाए. इसमें कैलोरी की मात्रा अधिक होती है इसलिए ज्यादा खाने से वजन बढ़ने की समस्या हो सकती है. इसके अलावा अधिक मात्रा में बादाम खाने से कब्ज या पेट में सूजन जैसी दिक्कतें भी आ सकती हैं.
कोशिश करें कि बादाम को सुबह खाली पेट खाएं ताकि इसका अधिकतम लाभ मिल सके.
(Disclaimer: इस आर्टिकल में दी गई जानकारी सामान्य रिसर्च और एक्सपर्ट्स की राय पर आधारित है. इसे किसी भी तरह की मेडिकल सलाह या इलाज का विकल्प न समझें.)