Hair Oiling Tips: बालों में तेल लगाना भारतीय घरों में सदियों पुरानी आदत है, जिसे आज भी लोग फॉलो कर रहे हैं. दादी-नानी अक्सर रातभर बालों में तेल लगाने की सलाह देती हैं. लेकिन क्या रातभर तेल लगाना सच में बालों की ग्रोथ के लिए जरूरी है? कुछ लोग सुबह तेल लगाते हैं तो कुछ नहाने से पहले. बालों में तेल लगाने को लेकर अक्सर ही लोगों के बीच में कन्फ्यूजन रहता है. तो आइए आज आपको बतात हैं कि बालों के हिसाब से कब और किस समय तेल लगाना सबसे सही रहता है और तेल लगाने का सही तरीका क्या है.
साइंटिफिकली ऐसी कोई पक्की रिसर्च नहीं है जो यह साबित करती हो कि सुबह या रात में तेल लगाने से बाल तेजी से बढ़ते हैं. तेल लगाने का फायदा ज्यादा इस बात पर निर्भर करता है कि कौन सा तेल इस्तेमाल हो रहा है, कितनी मात्रा में लगाया जा रहा है और बालों के स्कैल्प की स्थिति कैसी है.
नहाने से पहले तेल लगाना आसान तरीका
ज्यादातर लोगों के लिए बाल धोने से 30 मिनट से कुछ घंटे पहले तेल लगाना एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है, जिनकी लाइफस्टाइल काफी बिजी होती है. इससे तेल को बालों पर काम करने का पर्याप्त समय मिल जाता है और रातभर सिर पर तेल रखने की जरूरत नहीं पड़ती.
'जर्नल ऑफ़ कॉस्मेटिक साइंस' में पब्लिश हुई रिसर्च 'बालों को खराब होने से बचाने में मिनरल ऑयल, सूरजमुखी के तेल और नारियल तेल का असर' में बालों पर अलग-अलग तेलों के प्रभाव को देखा गया था. रिसर्च में पाया गया कि नारियल तेल बालों से प्रोटीन के नुकसान को कम करने में मदद करता है, खासकर बाल धोने से पहले लगाने पर.हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि नारियल तेल लगाने से बाल तेजी से उगने लगेंगे. इसका फायदा खासतौर पर बालों को नुकसान से बचाने और उनकी क्वालिटी बनाए रखने में है.
सुबह या रात में तेल लगाना, क्या है बेहतर?
अगर आप सुबह या दिन में बाल धोते हैं तो सुबह तेल लगाकर कुछ घंटे बाद बाल धो सकते हैं. यह तरीका उन लोगों के लिए भी अच्छा है जिन्हें रातभर चिपचिपे बालों के साथ सोना पसंद नहीं है. रातभर तेल लगाने से बाल तेजी से बढ़ेंगे, इसका कोई मजबूत वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है. उल्टा, कुछ लोगों को ज्यादा देर तेल रखने से चिपचिपापन, खुजली या स्कैल्प पर परत की समस्या हो सकती है.
कितनी देर तेल लगाकर रखें?
सामान्य हेयर ऑयलिंग के लिए 30 मिनट से कुछ घंटे काफी हो सकते हैं. बहुत ज्यादा देर तक तेल लगाए रखना जरूरी नहीं है. अगर बाल रूखे हैं तो बालों की लंबाई और सिरों पर थोड़ी मात्रा में तेल लगाया जा सकता है. वहीं, अगर स्कैल्प पहले से बहुत ऑयली रहता है तो वहां ज्यादा तेल लगाने से बचें.
महंगे तेल की जरूरत नहीं
बालों की देखभाल के लिए महंगे हेयर ट्रीटमेंट जरूरी नहीं हैं. अगर आपके बालों को सूट करता है तो साधारण नारियल तेल भी इस्तेमाल किया जा सकता है. सबसे जरूरी है कि तेल की मात्रा कम रखें और बाल धोने से पहले लगाएं.