आजकल जेन जी के लिए अपने इमोशन्स को समझना भी सोशल मीडिया का एक हिस्सा बनता जा रहा है. पहले लोग अपने मूड, पसंद और फीलिंग्स को समझने के लिए खुद के साथ वक्त बिताते थे या किसी क्लोज़ फ्रेंड से बात करते थे. लेकिन अब कई युवा अपनी फीलिंग्स को समझने के लिए इंस्टाग्राम रील्स, मीम्स और ऑनलाइन पोस्ट का सहारा लेते है. कभी कोई रील देखकर लगता है कि ये तो बिल्कुल मेरी लाइफ की स्टोरी है, तो कभी किसी पोस्ट को देखकर अपने बिहेवियर की वजह समझ आने लगती है.
हर इमोशन का मिल रहा है एक नया नाम
सोशल मीडिया पर आजकल फीलिंग्स और रिश्तों से जुड़े नए शब्द ट्रेंड कर रहे हैं. जैसे इमोशनल अवेलेबिलिटी, पीपल प्लीजिंग, अटैचमेंट इशूज़, ओवरथिंकिंग और इमोशनल बैगेज या बर्न आउट. इन शब्दों के जरिए जेन जी अपने व्यवहार को समझने की कोशिश करते हैं. कई बार उन्हें लगता है कि वे किसी से ज्यादा अटैच हो जाते हैं या छोटी-छोटी बातों को लेकर ज्यादा सोचते हैं. ऐसे सिच्युएशन में कोई रील या पोस्ट उन्हें अपने व्यवहार को समझने का एक नया नजरिया देती है.
रील्स में खुद को ढूंढ रही है जेन जी
इंस्टाग्राम पर ऐसी रील्स की कमी नहीं है जो बताती हैं कि आप अंदर से दुखी हैं, आपको लोगों से दूरी क्यों पसंद है या आप किसी रिश्ते में कैसा व्यवहार करते हैं. जेन जी इन वीडियो को देखकर खुद से जोड़ने लगते हैं. कई बार वे ऐसी पोस्ट दोस्तों को भेजकर बताते हैं कि वे कैसा महसूस कर रहे हैं. यानी जिन फीलिंग्स को शब्दों में बताना मुश्किल होता है, उन्हें सोशल मीडिया कंटेंट के जरिए समझाना आसान लगने लगता है.
यह भी पढ़ें: "Gen Z को भाएंगे भारत के ये पारंपरिक डांस, आप भी करें ट्राई
क्या हर पोस्ट खुद को समझने में मदद करती है?
हालांकि, सोशल मीडिया से मिलने वाली हर जानकारी सही नहीं होती. कुछ सेकंड की रील देखकर खुद को किसी खास इमोशनल कैटेगरी में रखना सही नहीं है. उदाहरण के लिए, कभी-कभी उदास महसूस करने ये नहीं बताता कि कोई व्यक्ति डिप्रेशन में है. इसी तरह किसी से दूरी पसंद करना हमेशा किसी खास अटैचमेंट इशू का साइन नहीं होता.
खुद को समझने के लिए ऑफलाइन वक्त भी जरूरी
सोशल मीडिया नए शब्द और नजरिए दे सकता है, लेकिन अपनी फीलिंग्स को समझने का कोई शॉर्टकट नहीं है. इसके लिए खुद के साथ वक्त बिताना, अपनी बात लिखना और भरोसेमंद लोगों से बातचीत करना भी जरूरी है. जरूरत पड़ने पर किसी मेंटल हेल्थ प्रोफेशनल की हेल्प ली जा सकती है.
सोशल मीडिया आपको ये समझने में हेल्प कर सकता है कि आप क्या महसूस कर रहे हैं, लेकिन आपकी हर फीलिंग का जवाब किसी रील में नहीं मिलेगा. खुद को समझने के लिए कभी-कभी फोन से दूर होकर खुद को सुनना भी जरूरी है.