दिल्ली में सड़क किनारे फुटपाथ पर छेद वाले यानी जालीदार टाइल्स लगाए जा रहे हैं. इस तरह के जालीदार टाइल्स लगाने की वजह क्या हो सकती है और इसे कहते क्या हैं? दरअसल, ये टाइल्स नहीं कंक्रीट के ब्लॉक्स हैं. जैसे फुटपाथ पर पेवर ब्लॉक्स लगाए जाते हैं. यह भी एक तरह का पेवर ब्लॉक्स ही हैं, लेकिन इनके बीच गैप है. सवाल उठता है कि आखिर ये गैप वाले पेवर ब्लॉक्स फुटपाथ पर क्यों लगाए जा रहे है?
इस तरह के जालीदार पेवर ब्लॉक को ग्रास ग्रिड पेवर ब्लॉक कहते हैं. यह कंक्रीट या मजबूत प्लास्टिक से बना एक विशेष प्रकार का जालीदार ब्लॉक होता है. इसके बीच में बड़े खाली जगह बने होते हैं.
एक ग्रास ग्रिड पेवर ब्लॉक हेवी-ड्यूटी कंक्रीट या रीसायकल प्लास्टिक से बना होता है. यह एक खास, इको-फ्रेंडली पेविंग सिस्टम होता है. इसमें लोड उठाने वाला ग्रिड स्ट्रक्चर होता है. इसके साथ ही इसके बीच बड़े खुले सेल या कैविटी होते हैं, जिसमें मिट्टी से भरे जाते हैं. फिर उनमें घास बोए जाते हैं.
इसका कंक्रीट या प्लास्टिक का ढांचा गाड़ियों और पैदल चलने वालों का भार आसानी से सहन कर लेता है, जिससे नीचे की मिट्टी दबती या खराब नहीं होती. इसकी खुली छेद में उगे घास बारिश का पानी सीधे जमीन के अंदर सोख लेते हैं. इस तरह बारिश के मौसम में फुटपाथ पर कीचड़ की समस्या नहीं होती है और वाटर कंजर्वेशन भी होता है. साथ ही मिट्टी भी उस जगह से नहीं हटती.
क्यों लगाए जाते हैं ग्रास ग्रिड पेवर्स ब्लॉक
ग्रास ग्रिड पेवर्स के बीच उगने वाले घास गर्मी के दिनों में कंक्रीट के ब्लॉक को गर्म होने से बचाते हैं. इस वजह से अगर इन पर नंगे पांव भी चला जाए तो पांव नहीं जलते हैं. इसका इस्तेमाल उन जगहों पर किया जाता है. जहां धूल और कीचड़ की समस्या होती है और पानी ओवर फ्लो होता हो. इसे कमर्शियल या रेजिडेंशियल पार्किंग स्पेस के लिए इस्तेमाल किया जाता है. जहां पूरे कंक्रीट के बजाय नेचुरल लुक को प्राथमिकता दी जाती है. इसके साथ ही ढलान वाले मिट्टी के स्ट्रक्चर या बांध पर भी इसका इस्तेमाल किया जाता है. जहां मिट्टी कटाव की संभावना होती है.
यह भी पढ़ें: फाइबर ग्लास क्या है? मार्बल और टाइल्स से ज्यादा ट्रेंड में क्यों है
अब सड़क किनारे बने फुटपाथ और पार्क में बने वाकिंग ट्रेल पर इनका खूब इस्तेमाल हो रहा है. क्योंकि बारिश के दिनों में यहां कीचड़ फैल जाता है. इसे लगाने से कीचड़ से भी मुक्ति मिलती है और मिट्टी भी नहीं कटती है. लोग खुले में पार्किंग स्पेस में भी इसका इस्तेमाल करते हैं. यह कारों और वैन के लिए एक मज़बूत रास्ता देता है. साथ ही घास या लैंडस्केप वाला लुक भी बनाए रखता है.