scorecardresearch
 

समाजवादी पार्टी पर बरसे सीएम योगी, बोले- यूपी के लिए श्राप, सत्ता में आते ही मचाती है तबाही

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब सरकारी योजनाओं का लाभ चेहरा देखकर नहीं दिया जाता. हर गरीब और जरूरतमंद को मुफ्त राशन मिल रहा है. गरीब परिवारों को रसोई गैस कनेक्शन दिए जा रहे हैं, उन्होंने बताया कि दीपावली से पहले सरकार मुफ्त भरा हुआ गैस सिलेंडर भी देने जा रही है.

Advertisement
X
सैफई-रामपुर तक सीमित नहीं रहेगा विकास बोले सीएम योगी (PTI)
सैफई-रामपुर तक सीमित नहीं रहेगा विकास बोले सीएम योगी (PTI)

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी अपने आप में उत्तर प्रदेश के लिए एक श्राप है. जब भी सपा सत्ता में आई, उसने प्रदेश में तबाही मचाने का काम किया. पहले प्रदेश में विकास नहीं होता था, युवा बेरोजगार थे और लोग भूख से मरने को मजबूर थे. आज उत्तर प्रदेश में हर स्तर पर विकास हो रहा है और बड़ी-बड़ी परियोजनाएं आगे बढ़ रही हैं.

सीएम योगी गोंडा के मनकापुर और गौरा विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने 520 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 69 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने गोंडा की ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत का भी उल्लेख किया. 

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह धरती महर्षि पतंजलि की है, जिन्होंने योग की परंपरा को आगे बढ़ाया, गोस्वामी तुलसीदास जी ने भी इसी धरती पर अपने गुरु से रामकथा सुनी थी. इसी प्रेरणा से उन्होंने रामायण की रचना की. इसी क्षेत्र में घनश्याम नाम के युवक का जन्म हुआ, जो आगे चलकर भगवान स्वामीनारायण के रूप में प्रसिद्ध हुए.

उन्होंने कहा कि जिस धरती ने दुनिया को रोशनी दिखाई, वह खुद लंबे समय तक अंधेरे में रही. यहां विकास नहीं हुआ और युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं मिले. लोग भूख से मरते थे. मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान गोंडा में सबसे बड़ा खाद्यान्न घोटाला हुआ.

Advertisement

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में कर्फ्यू और दंगों का माहौल रहता था. 2015-16 के दौरान गोंडा, बलरामपुर, पचपेड़वा और बहराइच में अराजकता की स्थिति थी. गोंडा में दुर्गा पूजा के दौरान हुए दंगों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय उन्हें खुद यहां आना पड़ा था. आरोप लगाया कि पूजा के आयोजकों को ही परेशान किया जा रहा था. आज प्रदेश में त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाए जा रहे हैं. इस बार नवरात्रि में पूरे प्रदेश में 67 हजार दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित हुईं, उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया था कि घर में मूर्ति स्थापित करने के लिए किसी को अनुमति लेने की जरूरत नहीं होनी चाहिए.

योगी ने कांवड़ यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि इस साल गाजियाबाद से हरिद्वार के बीच करीब 4.5 करोड़ श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार ने पहले कांवड़ यात्रा पर रोक लगा दी थी और दंगों की आशंका जताई थी. मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार में दंगाइयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होती है. किसी को भी कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की छूट नहीं दी जाएगी.

सीएम योगी ने गोंडा में निवेश और रोजगार की संभावनाओं का भी जिक्र किया, उन्होंने कहा कि 2023 की यूपी इन्वेस्टर्स समिट में गोंडा के लिए करीब 3 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले थे. इनमें से सैकड़ों करोड़ रुपये की परियोजनाएं जमीन पर उतर चुकी हैं और बाकी पर काम चल रहा है, उन्होंने कहा कि किसानों को पराली और गाय के गोबर से भी कमाई का अवसर मिलेगा. इसके लिए कंप्रेस्ड बायोगैस और एथनॉल उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य हर जिले में विकास और रोजगार के नए अवसर तैयार करना है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement