scorecardresearch
 

अब परफेक्ट फोटोज का नहीं रहा क्रेज, Gen Z को क्यों पसंद आ रहे हैं फोटो डंप?

इंस्टाग्राम पर अब सिर्फ सजी-संवरी और परफेक्ट फोटोज का ट्रेंड नहीं रह गया है. जेन जी के बीच फोटो डंप तेजी से पॉपुलर हो रहा है, जिसमें लोग एक ही पोस्ट में अपनी डेली लाइफ के कई अलग-अलग पल साझा करते हैं. आखिर क्यों युवा परफेक्ट फीड के बजाय बिना ज्यादा तैयारी वाली रैंडम फोटोज़ को पसंद कर रहे हैं?

Advertisement
X
क्या अब परफेक्ट फोटो पोस्ट करना जेन जे लिए नहीं रखता मायने?
क्या अब परफेक्ट फोटो पोस्ट करना जेन जे लिए नहीं रखता मायने?

एक वक्त था जब इंस्टाग्राम पर फोटो डालने से पहले लोग उसके हर चीज का ध्यान देते थे. फोटो का कलर कैसा है, बैकग्राउंड अच्छा दिख रहा है या नहीं, सभी फोटोज का एक जैसा अंदाज है या नहीं, इन सब बातों का खास ख्याल रखा जाता था. लेकिन अब सोशल मीडिया पर यह सोच बदलती नजर आ रही है. जेन जी के बीच फोटो डंप का चलन तेजी से पॉपुलर हो रहा है. इसमें लोग एक पोस्ट में कई अलग-अलग फोटोज साझा करते हैं, जिनमें कुछ अच्छी तरह खींची गई होती हैं, तो कुछ बिल्कुल नॉर्मल और बिना किसी तैयारी के ली गई होती हैं.

क्या है फोटो डंप का ट्रेंड?

फोटो डंप का मतलब है एक ही पोस्ट में कई फोटोज को एक साथ साझा करना. इसमें किसी खास मौके की फोटोज के साथ खाने, दोस्तों, घूमने-फिरने, आसमान, सेल्फी और रोजमर्रा की छोटी-छोटी झलकियों को शामिल किया जाता है. इन फोटोज का एक-दूसरे से मेल खाना जरूरी नहीं होता. इसका मकसद किसी खास अंदाज में तस्वीरें दिखाने के बजाय अपनी लाइफ के अलग-अलग पलों को साझा करना है.

क्यों पसंद आ रहा है जेन जी को फोटो डंप?

इसकी सबसे बड़ी वजह सोशल मीडिया पर परफेक्ट दिखने का दबाव कम करना है. पहले लोग अपनी प्रोफाइल को एक खास अंदाज में सजाकर रखते थे, लेकिन अब कई युवा ज्यादा बनावटी दिखने के बजाय नॉर्मल और असली नजर आना चाहते हैं. फोटो डंप उन्हें बिना ज्यादा सोच-विचार के अपनी यादें साझा करने का मौका देता है.

Advertisement

इसके अलावा, हर फोटो को एडिट करने, सही लाइट और बैकग्राउंड या एक जैसी तस्वीरें चुनने की जरूरत भी कम हो जाती है. युवा अब अपनी लाइफ के छोटे और नॉर्मल मुमेंट्स को भी उतनी ही अहमियत दे रहे हैं जितनी किसी खास मौके को.

यह भी पढ़ें: पुरानी पोस्ट, पुराने कमेंट्स... अपने डिजिटल पास्ट को लेकर क्यों टेंशन में है Gen Z?

क्या परफेक्ट इंस्टाग्राम फीड का दौर खत्म हो रहा है?

ऐसा कहना जल्दबाजी होगी, क्योंकि आज भी कई लोग अपनी प्रोफाइल को खूबसूरत और व्यवस्थित रखना पसंद करते हैं. हालांकि, फोटो डंप का बढ़ता चलन दिखाता है कि जेन जी के लिए सोशल मीडिया अब सिर्फ अच्छी तस्वीरें दिखाने का मंच नहीं, बल्कि अपनी यादें और असली जिंदगी साझा करने की जगह भी बन रहा है.

फोटो डंप का बढ़ता ट्रेंड बताता है कि जेन जी अब सोशल मीडिया पर दिखावे से ज्यादा अपनी रियल लाइफ के पलों को अहमियत दे रही है. उनके लिए हर फोटो का खूबसूरत या परफेक्ट होना जरूरी नहीं, बल्कि उसमें कोई याद, फीलिंग्स या खास पल जुड़ा होना ज्यादा मायने रखता है. शायद यही वजह है कि अब सजी-संवरी फोटोज के बजाय बेतरतीब लेकिन यादगार तस्वीरें लोगों को ज्यादा पसंद आ रही हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement