
दिल्ली में कुछ चीजें ऐसी हैं जिन पर कोई बहस नहीं हो सकती. अगर आप बंगाली मार्केट में हैं तो कुछ खाने के लिए रुकना तो बनता है. यहां चाट के लिए हमेशा पेट में जगह होती है और थोड़ी सी मिठाई के लिए भी. हाल ही में दिल्ली आए ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. दिल्ली यात्रा के दौरान सुनक अपनी सास और राज्यसभा सांसद सुधा मूर्ति के साथ दिल्ली के मशहूर बंगाली स्वीट हाउस एंड पेस्ट्री शॉप पर रुके.
उनके साथ राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल भी शामिल हुईं. यहां उन्होंने भारतीय स्नैक्स का मजा लिया और आखिर में मोतीचूर के लड्डू और कुछ और मिठाइयों का भी लुत्फ उठाया. उनकी देसी मिठाई खाते हुए तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट पर खूब वायरल हो रही हैं.
सुनक 'ब्लूमबर्ग न्यू इकोनॉमी फोरम' में हिस्सा लेने दिल्ली आए थे, जहां वैश्विक अर्थव्यवस्था पर चर्चा के लिए कई कारोबारी और राजनीतिक नेता इकट्ठा हुए थे. 13 अक्टूबर को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की. हालांकि, इन गंभीर चर्चाओं के बीच कुछ स्वादिष्ट खाने-पीने के लिए भी समय निकाल ही लिया गया और सच कहें तो दिल्ली की यात्रा बिना कुछ चटपटा खाए कैसे पूरी हो सकती है.
बंगाली स्वीट हाउस में ऋषि सुनक ने क्या-क्या खाया?
बंगाली स्वीट हाउस और खुद स्वाति मालीवाल ने भी इस विजिट से जुड़ी कुछ फोटो-वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किए हैं. इन वीडियो में ऋषि सुनक बड़े मजे से स्नैक्स और मिठाइयां खाते दिख रहे हैं. यह एक ऐसा अनुभव है जिसे हर वो इंसान समझ सकता है जो कभी बंगाली मार्केट में कुछ खाने के लिए रुका हो.
बंगाली स्वीट्स ने उनकी तस्वीरें शेयर करते हुए पोस्ट लिखा, 'ऋषि सुनक जी का, उनकी सास और हमारी पसंदीदा ग्राहक सुधा मूर्ति जी के साथ स्वागत करके हमें बेहद खुशी हुई. उनके साथ भारत की मौजूदा सांसद स्वाति मालीवाल जी भी मौजूद थीं.'
'आज उनके आने से हमें बहुत खुशी और आनंद मिला है. उन्होंने यहां चाट, आलू टिक्की, लड्डू, गुलाब जामुन और रसमलाई जैसी ढेर सारी मिठाइयों का आनंद लिया.'
लड्डू देख खुश हो गए सुनक
सामने आई एक और दिलचस्प फोटो में ऋषि सुनक के सामने जब मोतीचूर के लड्डू परोसे गए तो उसे देखकर वो खुश हो गए.

स्वाति मालीवाल ने भी शेयर की तस्वीरें
स्वाति मालीवाल ने भी सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की कुछ तस्वीरें और वीडियो शेयर किए. अपने जन्मदिन के मौके पर उन्होंने पूर्व ब्रिटिश प्रधानमंत्री के साथ चाट और मिठाइयों का लुत्फ उठाया.
उन्होंने कैप्शन में लिखा, 'ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक जी, संसद में मेरी मेंटर और सबसे करीबी दोस्त सुधा मूर्ति जी के साथ एक शानदार दोपहर बिताने का मौका मिला. हमने दिल्ली की स्वादिष्ट चाट, रसमलाई और लड्डू का आनंद लिया.'
वैसे, यहां खाने के लिए बहुत कुछ है, चाट और छोले-भटूरे से लेकर थाली, दक्षिण भारतीय व्यंजन और चाइनीज डिशेज तक. और अगर आप कुछ मीठे के साथ अपनी दावत खत्म करना चाहते हैं तो यहां मिठाई काउंटर पर आपको क्लासिक बंगाली मिठाइयों से लेकर ड्राई-फ्रूट्स वाली मिठाइयां तक सब कुछ मिल जाएगा, यहां तक कि शुगर-फ्री विकल्प भी मौजूद हैं.
दिलचस्प बात यह है कि ऋषि सुनक का बंगाली स्वीट हाउस का पहला दौरा नहीं था. वो साल 2025 में दिवाली से पहले भी बंगाली स्वीट हाउस आए थे.
बंगाली स्वीट हाउस की विरासत है खास
इसकी वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, लाला भीमसेन और लाला बनवारी लाल 1936 में बीकानेर से आए थे. उन्होंने सबसे पहले फिरोजशाह रोड पर सेशन कोर्ट के पास अपनी दुकान लगाई और अगले साल बंगाली मार्केट में इसे शुरू किया. उनका विचार बहुत सीधा था. लोगों के पसंदीदा स्ट्रीट-फूड को एक ऐसी जगह पर परोसना, जहां परिवार एक साथ बैठकर आराम से उसका आनंद ले सकें.
यहां आने वाले ग्राहकों में अमिताभ बच्चन, पंकज त्रिपाठी और सोनाक्षी सिन्हा जैसी बॉलीवुड हस्तियों के साथ-साथ शशि थरूर और राहुल गांधी जैसे राजनेता भी शामिल रहे हैं. साफ है कि चाट का जादू हर तरह के लोगों पर चलता है.
इस प्रतिष्ठान के सोशल मीडिया पोस्ट के अनुसार, सुधा मूर्ति भी यहां की रेगुलर ग्राहकों में से एक हैं. वो पहले भी अपनी बेटी अक्षता मूर्ति के साथ यहां आ चुकी हैं.