रसोई में अक्सर छोटे-छोटे जुगाड़ बड़े काम के साबित होते हैं. चाहे फिर वो दूध गर्म करते वक्त उसके ऊपर लकड़ी का पलटा रखना हो या फिर चावल के कंटेनर में लौंग डालना हो. आजकल एक ऐसी ही ट्रिक खूब चर्चा में है, जो सुनने में भले ही अजीब लगे, लेकिन बड़े काम की है. वो ट्रिक है फ्रीजर में स्टील का चम्मच रखना. शायद आप सोचें कि इसका क्या फायदा, लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि ये आपकी एक बहुत बड़ी समस्या को हल कर सकती है.
दरअसल, ये मामूली सा चम्मच आपके खाने को खराब होने से बचाने में मदद करता है. खासकर जब आप घर से बाहर हों या लंबे समय के लिए कहीं जा रहे हों, तब ये ट्रिक आपके फ्रिज में रखे खाने के लिए किसी गार्ड की तरह काम करती है और उसे खराब होने से बचाती है. चलिए जानते हैं कि एक चम्मच आपके खाने को कैसे खराब होने से बचाती है.
क्या है फ्रीजर वाला चम्मच ट्रिक?
इस ट्रिक में आपको बस एक स्टेनलेस स्टील का चम्मच फ्रीजर में रखना है. जब भी आपको कोई गर्म चीज जल्दी ठंडी करनी हो, तो उस ठंडे चम्मच को उसमें डाल दें. इससे खाना जल्दी ठंडा होता है और खराब होने का खतरा कम हो जाता है.
अगर इसे विज्ञान के नजरिए से देखें तो स्टील एक ऐसा मेटल है जो गर्मी को तेजी से खींचता है. जब चम्मच फ्रीजर में ठंडा हो जाता है और आप उसे गर्म खाने में डालते हैं, तो चम्मच तुरंत खाने की गर्मी को सोखने लगता है. इससे खाने का तापमान जल्दी गिर जाता है और खाना जल्दी ही सेफ जोन में आ जाता है.
दरअसल, 4°C से 60°C के बीच अगर किसी भी खाने का तापमान है, तो वो बैक्टीरिया के पनपने के लिए सबसे खतरनाक होता है. ऐसे में अगर खाना इस तापमान में ज्यादा देर रहता है, तो जल्दी खराब हो सकता है.
रोजाना कैसे करें इस्तेमाल?
अब ये सवाल उठता है कि आप इसे रोजाना किस तरह से इस्तेमाल कर सकते हैं. तो मान लीजिए आपने अभी-अभी गरम सूप या दाल बनाई है और आपको उसे तुरंत फ्रिज में रखना है. अगर आप उसे ऐसे ही छोड़ देंगे, तो ठंडा होने में काफी समय लगेगा. इस समय में
खाने में बैक्टीरिया बढ़ सकते हैं. लेकिन अगर आप उसमें फ्रीजर में रखी चम्मच डाल देते हैं तो वो जल्दी ठंडा हो जाता है.
किन बातों का रखें ध्यान?
1. अगर आप ये ट्रिक इस्तेमाल करना चाहते हैं तो हमेशा स्टेनलेस स्टील का चम्मच ही लें.
2. अगर आपका खाना ज्यादा है और बहुत बड़े बर्तन में स्टोर किया गया है तो उसे ठंडा करने के लिए ये ट्रिक अकेली काफी नहीं है.
3. ज्यादा खाना हो तो उसके लिए आइस बाथ (बर्फ वाले पानी) या उथले बर्तन का इस्तेमाल करें.
4. अगर आप गलत तरीके से ठंडा करते हैं तो खाने के कुछ हिस्सों में बैक्टीरिया रह सकते हैं.