गर्मियों या बरसात के उमस भरे मौसम में अक्सर देखने को मिलता है कि आप बाजार से एकदम ताजी हरी मिर्च खरीद कर लाते हैं. लेकिन कुछ ही दिनों बाद जैसे ही फ्रिज खोलते हैं उसका रंग फीका नजर आने लगता है. इतना ही नहीं हरी मिर्चें नरम और खराब हो चुकी होती हैं. ज्यादातर घरों में ये एक आम समस्या है. हरी मिर्च ऐसी चीज है जिसका इस्तेमाल लगभग हर दिन होता है, लेकिन जब जरूरत पड़ती है तो अक्सर पता चलता है कि मिर्च तो पहले ही खराब हो चुकी है.
ऐसे में या तो दोबारा बाजार जाना पड़ता है या फिर खाने का स्वाद थोड़ा फीका रह जाता है. क्या आपके साथ भी ऐसा ही होता है? अगर हां, तो आप अकेले नहीं हैं. बहुत से लोग हरी मिर्च के गलने या खराब होने की वजह मौसम को मान लेते हैं, लेकिन ऐसा नहीं है. कई बार उसे गलत तरीके से स्टोर करना भी इसके खराब होने की वजह हो सकता है. अगर आप एक आसान-सी आदत अपना लें, तो हरी मिर्चें कई हफ्तों तक ताजा रह सकती हैं. कुछ लोग तो इसी तरीके से मिर्च को एक-दो महीने तक भी अच्छी तरह संभालकर रखते हैं. चलिए जानते हैं क्या है वो तरीका.
जल्दी खराब क्यों हो जाती है हरी मिर्च?
हरी मिर्च ऐसी चीज है जो लगभग हर भारतीय रसोई में रोज तड़के, दाल, सब्जी में इस्तेमाल होती है. लेकिन ये बहुत जल्दी खराब हो जाती हैं. इसके खराब होने की सबसे बड़ी वजह नमी होती है. दरअसल, हरी मिर्च के ऊपर अगर पानी रह जाए या उसे गीला ही स्टोर किया जाए, तो उसमें फंगस और बैक्टीरिया पनपने लगते हैं. यही कारण है कि फ्रिज में रखने के बावजूद मिर्च जल्दी खराब हो जाती है.
कैसे स्टोर करें हरी मिर्च?
अगर आप चाहते हैं कि हरी मिर्च हफ्तों तक खाने लायक और ताजी बनी रहे, तो सबसे पहले उसे अच्छी तरह छांट लें. जो मिर्च सॉफ्ट हो चुकी हो या जिस पर दाग दिखाई दे रहे हैं, उसे अलग कर दें. एक खराब मिर्च बाकी मिर्चों को भी जल्दी खराब कर सकती है.
इसके बाद सभी मिर्चों के डंठल निकाल दें. कई किचन एक्सपर्ट्स के मुताबिक, डंठल हटाने से मिर्च में ज्यादा नमी जमा होने का खतरा कम हो जाता है. अब एक साफ और सूखा एयरटाइट कंटेनर लें. कंटेनर के नीचे टिश्यू पेपर या पेपर टॉवल बिछाएं और उसके ऊपर मिर्च रख दें. फिर ऊपर से भी एक टिश्यू पेपर रखकर कंटेनर बंद कर दें.
टिश्यू पेपर का काम ज्यादा नमी को सोखना होता है. इससे मिर्च ज्यादा समय तक सूखी और ताजा बनी रहती है. कंटेनर को फ्रिज में रख दें और समय-समय पर टिश्यू पेपर बदलते रहें.
स्टोर करते समय इन गलतियों से बचें
बहुत से लोग मिर्च को धोकर सीधे फ्रिज में रख देते हैं. ये सबसे आम गलती है. अगर मिर्च को धोना जरूरी हो, तो पहले उसे पूरी तरह सुखा लें. गीली मिर्च को स्टोर करने से वह जल्दी खराब हो सकती है. इतना ही नहीं, मिर्च को बहुत ज्यादा ठंडी या नमी वाली जगह पर रखने से भी उसकी क्वालिटी पर असर पड़ सकता है. इसलिए फ्रिज में ऐसी जगह चुनें जहां हवा का फ्लो बना रहे और नमी कम हो.
क्या सच में महीनों तक ताजा रह सकती है मिर्च?
अगर हरी मिर्च को सही तरीके से स्टोर किया जाए और समय-समय पर उसको चेक किया जाए, तो वो काफी लंबे समय तक ताजा रह सकती है. हरी मिर्च कितने समय तक ताजा रहेगी, ये फ्रिज के टेंपरेचर, मिर्च की क्वालिटी और उसे रखने के तरीके पर निर्भर करता है. लेकिन सही तरीके से रखने पर हरी मिर्च कई हफ्तों तक ताजा बनी रह सकती है.