How To Reheat Samosa: समोसे का नाम सुनते ही किसी के भी मुंह में पानी आ जाता है. सब्जी, चटनी से लेकर चाय तक के साथ गरमागरम और कुरकुरे समोसे खाने में बहुत ही बढ़िया लगते हैं. अगर शाम में चाय के साथ सोमसा मिल जाए तो शाम का मजा ही दोगुना हो जाता है. लोगों को समोसे इतने पसंद होते हैं कि वे अक्सर ज्यादा खरीदकर लाते हैं, लेकिन कई 1-2 समोसे बच जाते हैं. बचे समोसों को जब अगले दिन खाने के लिए निकाला जाता है, तब तक वो सॉफ्ट हो चुके होते हैं. ऐसे में उन्हें दोबारा गरम करने पर स्वाद तो लौट आता है, लेकिन उनका कुरकुरापन गायब हो जाता है.
अगर आपके घर में भी बचे हुए समोसे को दोबारा गरम करने के बाद भी वो अक्सर सॉफ्ट ही रहते हैं, तो आपको उन्हें दोबारा गरम करने का तरीका बदलने की जरूरत है. आपको समोसे को फिर से गरम और कुरकुरा बनाने के लिए इन्हें तेल में तलने की जरूरत नहीं पड़ेगी. आज हम आपको एक आसान ट्रिक बताने वाले हैं, जिसकी मदद से आप दोबारा तेल में तले बिना बासी समोसों को फिर से क्रिस्पी बना सकते हैं.
बासी समोसे गरम करने का सही तरीका
बासी समोसे को अगर आप फिर से कड़ाही से निकले ताजे समोसे की तरह क्रिस्पी और गरम करना चाहते हैं, तो आपको उसे गरम करने का सही तरीका पता होना जरूरी है. बासी समोसे को दोबारा गरम करने के लिए सबसे पहले एक नॉन-स्टिक या भारी तले वाला पैन लें. इसमें समोसों को रखें और गैस की आंच बिल्कुल धीमी कर दें. अब पैन को ढक्कन से ढक दें और समोसों को कुछ देर धीमी आंच पर गरम होने दें.
ढककर गरम करने से लौटेगा कुरकुरापन
समोसों को धीमी आंच पर ढककर गरम करने से वो अंदर से अच्छी तरह गरम हो जाते हैं और उनकी बाहरी लेयर धीरे-धीरे फिर से क्रिस्पी होने लगती है. इस दौरान आपको पैन में तेल डालने की जरूरत नहीं पड़ेगी. बस बीच-बीच में समोसों को पलटते रहें, ताकि वो सभी तरफ से अच्छी तरह गरम हो जाएं.
तेज आंच पर गरम करने से बचें
बासी समोसों को दोबारा गरम करते समय तेज आंच का इस्तेमाल न करें. इससे समोसे बाहर से जल्दी जल सकते हैं, जबकि अंदर से ठंडे रह सकते हैं. धीमी आंच पर गरम करने से वे बिना जले धीरे-धीरे गर्म होते हैं और उनका कुरकुरापन भी वापस आ सकता है. तो अगली बार अगर घर में समोसे बच जाएं और अगले दिन नरम पड़ जाएं, तो उन्हें फेंकने या दोबारा तेल में तलने की जरूरत नहीं है. बस धीमी आंच पर ढककर गरम करें और फिर से कुरकुरे समोसों का मजा लें.