Suji French Fries Recipe: आलू नहीं, सूजी से बनाएं क्रिस्पी फ्रेंच फ्राइज, बारिश में आएगा दोगुना मजा
Suji French Fries Recipe: आपने अब तक कई तरह के फ्रेंच फ्राइज खाए होंगे लेकिन क्या आपने कभी सूजी से बने चटपटे फ्रेंच फ्राइज खाए हैं. अगर नहीं तो आज हम आपको इसे घर पर बनाने का आसान तरीका बताएंगे, जिसे आप मिनटों में बना सकते हैं.
Suji French Fries Recipe: अगर आप हर बार आलू से बनी फ्रेंच फ्राइज खाकर बोर हो गए हैं और कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं तो सूजी की क्रिस्पी फ्रेंच फ्राइज आपके लिए एक बेहतरीन ऑप्शन है. इसे आप बेहद आसानी से घर पर सूजी, आलू और हल्के मसाले से तैयार कर सकते हैं. बाहर से क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट ये फ्राइज बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आएंगे. आइए जानते हैं सूजी की फ्रेंच फ्राइज कैसे बनाते हैं और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है.
इंग्रेडिएंट्स (ingredients)
1/2 कटोरी सूजी
2 उबले और मैश किए हुए आलू
1 बारीक कटा प्याज
5-6 बारीक कटी हरी मिर्च
1/2 कटोरी बारीक कटा हरा धनिया
1 छोटा चम्मच चाट मसाला
नमक स्वादानुसार
तलने के लिए 2 कटोरी तेल
सूजी की फ्रेंच फ्राइज बनाने के लिए सबसे पहले एक कड़ाही में लगभघ 2½ कप पानी डालकर गर्म करें. जब पानी उबलने लगे तो इसमें सूजी डालें और लगातार चलाते हुए इसे हलवे जैसा गाढ़ा होने तक पकाएं. इसके बाद इसे एक प्लेट में निकालकर थोड़ा ठंडा होने दें.
अब हथेलियों पर थोड़ा तेल लगाएं और गुनगुनी सूजी को अच्छी तरह गूंधकर डो जैसा तैयार कर लें. इसमें उबले और मैश किए हुए आलू, बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया, चाट मसाला और नमक डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें.
इसके बाद कड़ाही में तेल गर्म करें. हथेली पर थोड़ा तेल लगाकर सूजी के मिश्रण का थोड़ा हिस्सा लें और उसे फ्रेंच फ्राइज की तरह लंबा आकार दें. तैयार फ्राइज को सावधानी से गर्म तेल में डालें और मीडियम गैस पर सुनहरा और क्रिस्पी होने तक डीप फ्राई करें.
फ्राइज सुनहरे हो जाएं तो उन्हें प्लेट में निकाल लें. इसी तरह बाकी मिश्रण से भी फ्राइज तैयार कर लें.
गरमा-गरम सूजी की क्रिस्पी फ्रेंच फ्राइज को हरी चटनी, टमाटर सॉस या अपनी पसंद की किसी डिप के साथ सर्व करें.