scorecardresearch
 

Instant Kadhi Premix Recipe: झटपट बन जाएगी कढ़ी! दही-पानी में मिलाएं 1 चम्मच ये प्रीमिक्स, 5 मिनट में होगी तैयार

Instant Kadhi Premix Recipe: अगर आपको भी कढ़ी पसंद है लेकिन समय की कमी के कारण नहीं बना पाते, तो ये 'कढ़ी प्रीमिक्स' आपके बहुत काम आएगा. घी, बेसन और खड़े मसालों से बने इस प्रीमिक्स को आप लंबे समय तक स्टोर कर सकते हैं और सिर्फ 5 मिनट में फ्रेश कढ़ी तैयार कर सकते हैं.

Advertisement
X
कढ़ी के प्रीमिक्स में आपको सिर्फ दही और पानी मिलाकर पकाना होता है.  (Photo: ITG)
कढ़ी के प्रीमिक्स में आपको सिर्फ दही और पानी मिलाकर पकाना होता है. (Photo: ITG)

Instant Kadhi Premix Recipe: भारतीय खाने के स्वादिष्ट व्यंजनों की बात हो और कढ़ी का नाम न आए, ऐसा शायद कभी हो ही नहीं सकता. दही और बेसन से बनने वाली ये ट्रेडिसनल डिश अपने खट्टे-तीखे स्वाद के कारण न केवल बड़ों को बल्कि बच्चों को भी खूब पसंद आती है. लेकिन कई बार कढ़ी बनाने का मन तो होता है, लेकिन बिजी शेड्यूल के चलते बना नहीं पाते हैं. अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो अब आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है.

आज हम आपको घर पर कढ़ी का एक ऐसा प्रीमिक्स तैयार करना बता रहे हैं, जिसे एक बार बनाकर कई दिनों तक स्टोर किया जा सकता है. इसके बाद जब भी कढ़ी खाने की इच्छा हो, तो आप सिर्फ दही और पानी मिलाकर कुछ ही मिनटों में स्वादिष्ट कढ़ी तैयार कर सकते हैं. ये प्रीमिक्स ना केवल कढ़ी बनाने के समय को भी कम करता है, बल्कि आप इसे ट्रैवलिंग के दौरान भी ले जा सकते हैं. इसके साथ ही होस्टल में रहने वाले बच्चों के लिए भी ये प्रीमिक्स बहुत काम का साबित हो सकता है. चलिए जानते हैं कैसे बना सकते हैं कढ़ी का प्रीमिक्स.

कढ़ी प्रीमिक्स बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?

  • 2 बड़े चम्मच घी
  • 1 छोटा चम्मच राई
  • 1 छोटा चम्मच मेथी के बीज
  • 4 सूखी लाल मिर्च
  • 1 मुट्ठी करी पत्ते (कटे हुए)
  • 1 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
  • 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • 2 बड़े चम्मच धनिया के बीज (मोटे कुटे हुए)
  • 1 कप बेसन

ऐसे तैयार करें कढ़ी प्रीमिक्स

1. कढ़ी का प्रीमिक्स बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में घी गर्म करें. अब इसमें राई, मेथी के बीज और सूखी लाल मिर्च डालकर हल्का सा भून लें. इसके बाद करी पत्ते डालें और कुछ सेकंड तक चलाएं.

2. अब इसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और कुटा हुआ धनिया डालकर धीमी आंच पर भूनें. जब मसालों की खुशबू आने लगे तब इसमें बेसन डाल दें. बेसन को लगातार चलाते हुए धीमी आंच पर अच्छी तरह भूनना जरूरी है, ताकि उसमें कच्चापन न रहे.

Advertisement

3. जब बेसन भुनकर हल्का गोल्डन हो जाए और उसमें से सौंधी-सौंधी खुशबू आने लगे तब गैस बंद कर दें और मिश्रण को पूरी तरह ठंडा होने दें. ठंडा होने के बाद इसे एयरटाइट डिब्बे में भरकर फ्रिज में रख दें. इस तरह तैयार प्रीमिक्स कई दिनों तक इस्तेमाल किया जा सकता है.

प्रीमिक्स से झटपट कढ़ी कैसे बनाएं?

1. जब भी कढ़ी बनानी हो, 3 बड़े चम्मच तैयार प्रीमिक्स लें. इसमें आधा कप फेंटा हुआ दही और डेढ़ कप पानी मिलाएं. ध्यान रखें कि मिश्रण में कोई गांठ न रहे.

2. अब इसे एक पैन में डालकर मीडियम आंच पर अच्छे से पकाएं. इस वक्त आपको लगातार कढ़ा चलानी है, ताकि वो नीचे से न लगे. करीब 5 से 7 मिनट में कढ़ी गाढ़ी होकर तैयार हो जाएगी. आपकी कढ़ी तैयार है. इसके ऊपर कटा हरा धनिया डालकर सर्व करें. 

कढ़ी प्रीमिक्स बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
कढ़ी प्रीमिक्स बनाते समय कुछ बातों का ध्यान रखना बहुत जरूरी है. अगर इन बातों का ध्यान नहीं रखेंगे तो प्रीमिक्स खराब हो सकता है. 

1. बेसन को अच्छी तरह भूनें: कढ़ी का स्वाद काफी हद तक इस बात पर निर्भर करता है कि बेसन किस तरह से भुना है. इसलिए इसे धीमी आंच पर शांति के साथ भूनना जरूरी है.

2. गांठें बनने न दें: कढ़ी बनाते समय दही, पानी और प्रीमिक्स को अच्छी तरह फेंट लें, ताकि मिश्रण एकदम स्मूद बने.

Advertisement

3. ज्यादा पानी न मिलाएं: जरूरत से ज्यादा पानी डालने पर कढ़ी पतली हो सकती है. इसलिए पानी और प्रीमिक्स की मात्रा का ध्यान रखें.

4. सही तरीके से स्टोर करें: प्रीमिक्स को पूरी तरह ठंडा होने के बाद ही एयरटाइट कंटेनर में भरें, ताकि उसकी ताजगी और स्वाद लंबे समय तक बना रहे.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement