scorecardresearch
 

Anardana Chutney Recipe: घर पर मिनटों में बनाएं चटपटी अनारदाना चटनी, समोसे से पराठे तक हर चीज का बढ़ा देगी स्वाद

अनारदाना, हरा धनिया, पुदीना, अदरक, लहसुन और हरी मिर्च से अनारदाना चटनी तैयार करें. समोसे, पकौड़े, कचौड़ी और पराठों के साथ परोसने के लिए बेहतरीन ऑप्शन है, इसे बनाने में ज्यादा समय और मेहनत नहीं लगती. आइए आपको इस चटनी की आसान रेसिपी बताते हैं.

Advertisement
X
अनार खाना बहुत फायदेमंद होता है. (PHOTO:AI)
अनार खाना बहुत फायदेमंद होता है. (PHOTO:AI)

Anardana Chutney Recipe: भारतीय खाने में चटनी का अपना अलग ही स्वाद होता है. दाल-चावल हो, पराठे हों या फिर पकौड़े, साथ में चटपटी चटनी मिल जाए तो खाने का स्वाद बढ़ जाता है. अगर आप भी रोज एक जैसी हरी चटनी खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार अनारदाना चटनी ट्राई कर सकते हैं. अनारदाना यानी सूखे अनार के दाने इस चटनी को खट्टा स्वाद देते हैं. वहीं, हरा धनिया, पुदीना, हरी मिर्च, अदरक और लहसुन इसे तीखा और खुशबूदार बनाते हैं.

इस चटनी की खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए ज्यादा सामग्री या लंबे समय तक रसोई में मेहनत करने की जरूरत नहीं है. बस सभी चीजों को मिक्सर में पीसना है और आपकी चटपटी चटनी तैयार हो जाएगी. इसे समोसे, पकौड़े, कचौड़ी, पराठे और दूसरे स्नैक्स के साथ परोस सकते हैं, आइए अनारदाना चटनी बनाने की आसान रेसिपी जानते हैं.

अनारदाना चटनी बनाने के लिए इंग्रेडिएंट्स

  • अनारदाना – 2 बड़े चम्मच
  • अदरक – आधा इंच का टुकड़ा
  • लहसुन – 2-3 कलियां
  • हरी मिर्च – 2-3
  • ताजा हरा धनिया – 1 कप
  • पुदीने की पत्तियां – आधा कप
  • प्याज – 1 छोटा
  • टमाटर – 1 छोटा
  • नमक – स्वादानुसार
  • पानी – जरूरत के अनुसार

अनारदाना चटनी बनाने का आसान तरीका

  1. सबसे पहले अनारदाना को अच्छी तरह धो लें. इससे उस पर लगी धूल-मिट्टी साफ हो जाएगी. इसके बाद अतिरिक्त पानी निकाल दें.
  2. हरे धनिये और पुदीने की पत्तियों को साफ पानी से धो लें. प्याज और टमाटर को छोटे टुकड़ों में काट लें. अदरक को छीलकर छोटे टुकड़े कर लें, ताकि पीसने में आसानी हो.
  3. अब मिक्सर जार में अनारदाना, अदरक, लहसुन, हरी मिर्च, हरा धनिया, पुदीना, प्याज, टमाटर और नमक डालें. सभी चीजों को एक साथ पीस लें. अगर चटनी ज्यादा गाढ़ी लगे, तो थोड़ा-सा पानी डाल सकते हैं.
  4. चटनी पीसने के बाद उसका स्वाद चख लें. अगर आपको ज्यादा तीखा स्वाद पसंद है, तो हरी मिर्च की मात्रा बढ़ा सकते हैं. 

अनारदाना चटनी को स्वादिष्ट बनाने के टिप्स

Advertisement

पानी कम डालें: चटनी में एक साथ ज्यादा पानी डालने से इसका स्वाद हल्का हो सकता है. इसलिए जरूरत के अनुसार ही पानी डालें.
ताजा हरा धनिया और पुदीना लें: इससे चटनी का रंग और खुशबू अच्छी रहती है.
मिर्च अपने स्वाद के अनुसार रखें: कम तीखा पसंद करने वाले लोग हरी मिर्च की मात्रा घटा सकते हैं.
ताजा बनाकर खाएं: चटनी का स्वाद और खुशबू बनाए रखने के लिए इसे ताजा बनाना बेहतर है. बची हुई चटनी को साफ, ढक्कन वाले डिब्बे में फ्रिज में रखें और जल्द इस्तेमाल करें.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement