Atta Namkeen Recipe: घर पर गेहूं के आटे से ऐसे बनाएं बाजार जैसी खस्ता नमकीन, इसके आगे समोसा-पकौड़ी का स्वाद भी लगेगा फीका
Gehu Atta Namkeen Recipe: अगर आप शाम की चाय के साथ बाजार जैसी खस्ता और कुरकुरी नमकीन खाना चाहते हैं तो गेहूं के आटे से बनी लेयर वाली नमकीन एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकती है. आज हम आपको घर पर लेयर वाली खस्ता नमकीन बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे.
Advertisement
X
गेहूं के आटे से ऐसे बनाएं बाजार जैसी परतदार खस्ता नमकीन (Photo-ITG)
Gehu Atta Namkeen Recipe: शाम की चाय के साथ कुछ कुरकुरा खाने का मजा ही कुछ अलग होता है. वैसे तो बाजार में कई तरह के स्नैक्स मिलते हैं लेकिन ज्यादातर स्नैक्स मैदा और प्रिजर्वेटिव्स से बने होते हैं, जिसकी वजह से लोग इन्हें खाने से बचते हैं. ऐसे में आप घर पर भी टेस्टी और क्रिस्पी नमकीन बना सकते हैं. आज हम आपको गेहूं के आटे से लेयर वाली खस्ता नमकीन बनाना बताएंगे, जिसे आप घर पर आसानी से बनाकर स्टोर कर सकते हैं.
सबसे खास बात यह है कि यह नमकीन स्वाद में बिल्कुल बाजार जैसी लगती है और इसे एक बार बनाकर कई दिनों तक रखा जा सकता है. तो आइए जानते हैं गेहूं के आटे से खस्ता और परतदार नमकीन बनाने का आसान तरीका और इसे तैयार करने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है.
इंग्रेडिएंट्स (ingredients)
2 कप गेहूं का आटा
½ छोटा चम्मच अजवाइन
¾ छोटा चम्मच नमक (या स्वादानुसार)
3 बड़े चम्मच घी या तेल (मोयन के लिए)
आटा गूंथने के लिए पानी
नमकीन तलने के लिए तेल
खास लेयर (परत) बनाने के लिए
2 बड़े चम्मच घी
2 छोटे चम्मच मैदा (पेस्ट बनाने के लिए)
आटे से आटे से लेयर वाली खस्ता नमकीन कैसे बनाते हैं?
खस्ता नमकीन बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा लें. इसमें हाथों से हल्का क्रश की हुई अजवाइन और नमक डालकर अच्छे से मिला लें. अब इसमें मोयन के लिए 3 बड़े चम्मच घी या तेल डालें और हाथों से अच्छी तरह मिक्स करें. आटा इतना मिलाएं कि मुट्ठी में दबाने पर वह बंधने लगे.
इसके बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए पूरी के आटे से थोड़ा सख्त आटा गूंथ लें और इसे 15-20 मिनट के लिए ढककर रख दें.
अब लेयर बनाने के लिए एक छोटी कटोरी में 2 बड़े चम्मच घी और 2 छोटे चम्मच मैदा डालकर स्मूद पेस्ट तैयार कर लें. यही पेस्ट नमकीन को परतदार और कुरकुरा बनाएगा.
अब आटे की बड़ी लोइयां तोड़ लें और एक लोई को रोटी की तरह पतला बेल लें. इसके ऊपर तैयार घी-मैदा वाला पेस्ट अच्छी तरह फैला दें. फिर रोटी को एक किनारे से टाइट रोल करते हुए सिलेंडर की तरह बना लें.
इसके बाद रोल को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. हर टुकड़े को हल्का दबाकर बेलन से थोड़ा बेल लें, ताकि उसमें लेयर्स अच्छी तरह बन जाएं.
अब मीडियम आंच पर कड़ाही में तेल गरम करें और तैयार नमकीन को एक-एक करके तेल में डालें. इन्हें धीमी से मीडियम आंच पर पलटते हुए सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें. तलने के बाद नमकीन को टिश्यू पेपर पर निकाल लें, ताकि एक्स्ट्रा तेल निकल जाए.
जब नमकीन पूरी तरह ठंडी हो जाए तो इसे एयरटाइट डिब्बे में भरकर रख दें. यह 15-20 दिनों तक ताजा और क्रिस्पी बनी रहती है. आपकी होममेड लेयर वाली खस्ता नमकीन तैयार है. इसे शाम की चाय के साथ सर्व करें.