
Paper Cup Jhumar Craft Ideas: दिवाली पर घर को सजाने के लिए लोग बाजार से महंगी झालर, लाइट्स और तरह-तरह के डेकोरेशन आइटम खरीदते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि रोज चाय पीने के बाद फेंक दिए जाने वाले पेपर कप भी आपके घर की सजावट में काम आ सकते हैं? इन बेकार कपों की मदद से आप रंग-बिरंगी और खूबसूरत झालर तैयार कर सकती हैं. इसके लिए न तो ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे और न ही किसी खास सामान की जरूरत पड़ेगी.
खास बात यह है कि इस झालर को बनाना बेहद आसान है. आप अपनी पसंद के रंगों और डिजाइन से इसे तैयार कर सकती हैं. इसे घर के मैन गेट, बालकनी, खिड़की या दीवार पर लटकाकर त्योहार की रौनक बढ़ा सकती हैं. बच्चों को भी इस क्राफ्ट में शामिल किया जा सकता है.
आइए जानते हैं पेपर कप से सजावटी झालर बनाने का आसान तरीका.
सबसे पहले इकट्ठा करें ये सामान
इसके लिए 15-20 साफ पेपर कप, कैंची, रंग, पेंटिंग ब्रश, मजबूत धागा या ऊन और सुई की जरूरत होगी. चाहें तो सजावट के लिए मोती और छोटी घंटियां भी रख सकती हैं.
पेपर कप को दें फूल जैसा आकार
सबसे पहले पेपर कप को अच्छी तरह साफ करके सुखा लें. अब कैंची से कप के किनारों पर नीचे की तरफ लंबी-लंबी कटिंग करें. पट्टियों को हल्का बाहर की ओर मोड़ें, जिससे कप फूल जैसा दिखाई देने लगे.
फेवरेट रंगों से करें सजावट
अब तैयार कपों पर लाल, पीला, गुलाबी या हरा रंग लगाएं. रंग सूखने के बाद किनारों पर ग्लिटर या छोटे सजावटी डिजाइन बना सकती हैं. इससे झालर देखने में और अट्रैक्टिव लगेगी.

धागे की मदद से तैयार करें झालर
सभी कपों के बीच में सावधानी से छोटा छेद करें. अब मजबूत धागे या ऊन में इन्हें एक-एक करके पिरो लें. कपों के बीच मोती लगाकर झालर को अलग डिजाइन दे सकती हैं.
घर के इन कोनों में लगाएं झालर
पेपर कप से बनी इस झालर को मुख्य दरवाजे, बालकनी की रेलिंग या लिविंग रूम की दीवार पर लटका सकती हैं. अलग-अलग रंगों की कई झालर बनाकर एक साथ लगाने से सजावट और भी खूबसूरत लगेगी.
ध्यान दें: इस्तेमाल किए गए कपों को दोबारा सजावट में लगाने से पहले अच्छी तरह साफ और पूरी तरह सुखा लें. पेपर कप की झालर को जलते दीयों और मोमबत्तियों से दूर रखें. फेयरी लाइट्स लगानी हों तो केवल सुरक्षित दूरी पर रखें, ताकि आग लगने का खतरा न रहे.