कर्नाटक के मंगलुरु से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. दक्षिण कन्नड़ जिले के बंटवाल तालुक के कलेट्टी इलाके में चलती स्कूल बस पर एक विशाल पेड़ गिर गया. हादसे में छह साल की एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि चार अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए. मृत बच्ची की पहचान छह वर्षीय चिरान्वी के रूप में हुई है. वह कल्लडका श्री राम विद्याकेंद्र स्कूल में यूकेजी की छात्रा थी.
जानकारी के अनुसार, 24 सीटों वाली स्कूल बस बच्चों को स्कूल से घर छोड़ने जा रही थी. बस ने कलेट्टी इलाके में कुछ बच्चों को उतारा ही था कि श्री कनालथाया दैवस्थान के पास सड़क किनारे खड़ा एक विशाल पेड़ अचानक उखड़कर चलती बस पर गिर गया.
चलती बस पर पेड़ गिरने से मचा हड़कंप
पेड़ गिरने से बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार बच्चों में अफरा-तफरी मच गई. हादसे के तुरंत बाद घायल छात्रों को पास के अस्पताल पहुंचाया गया. चिरान्वी को गंभीर चोटें आई थीं. डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतक छात्रा के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
यूकेजी की छात्रा की इलाज के दौरान मौत
इस हादसे में चार अन्य छात्र भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं. उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. घटना की सूचना मिलने के बाद संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे. हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है.