scorecardresearch
 

बेंगलुरु: कार गैराज में लगी भीषण आग, 25 महंगी गाड़ियां जलकर राख

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के थानिसंद्रा इलाके में सोमवार तड़के एक कार गैरेज में भीषण आग लगने से 25 से अधिक कारें जलकर राख हो गईं. आग सुबह करीब 5:30 बजे लगी और तेजी से पूरे गैरेज में फैल गई. जिससे कई महंगी गाड़ियां भी इसकी चपेट में आ गईं.

Advertisement
X
शॉर्ट सर्किट के चलते जताई जा रही है आग लगने की आशंका. (File Photo: ITG)
शॉर्ट सर्किट के चलते जताई जा रही है आग लगने की आशंका. (File Photo: ITG)

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में सोमवार तड़के एक बड़ा घटना हो गई. जहां थानिसंद्रा इलाके में स्थित एक कार गैरेज में सुबह करीब 5:30 बजे भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया. इस हादसे में 25 से अधिक कारें पूरी तरह जलकर राख हो गईं. इनमें कई महंगी और लग्जरी गाड़ियां भी शामिल बताई जा रही हैं. हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गैरेज में खड़ी अधिकांश गाड़ियां पूरी तरह जल चुकी थीं. आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में उसने पूरे गैरेज को अपनी चपेट में ले लिया.

शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगने की आशंका
पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि आग के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा. पुलिस ने बताया कि सीन ऑफ क्राइम ऑफिसर्स (SOCO) की टीम घटनास्थल का निरीक्षण करेगी और तकनीकी जांच के आधार पर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी.

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे में 25 से अधिक वाहन पूरी तरह नष्ट हो गए हैं. आग से हुए आर्थिक नुकसान का आकलन किया जा रहा है. इस मामले में संपिगेहल्ली पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आग किस स्थान से शुरू हुई और क्या गैरेज में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम मौजूद थे.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement