बेंगलुरु में एकतरफा जुनून का खौफनाक मामला सामने आया है. शादी से इनकार करने पर एक युवक अपनी एक्स गर्लफ्रेंड के घर पहुंचा, उसके दो छोटे भाइयों को कमरे में बंद कर दिया और फिर लड़की पर चाकू से वार कर दिए. वारदात के बाद उसने खुद की गर्दन पर भी चाकू मारकर आत्महत्या की कोशिश की. दोनों अस्पताल में भर्ती हैं.
घटना गुरुवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे वर्थुर इलाके के रामागोंडनहल्ली में हुई. आरोपी की पहचान बंदे नवाज के रूप में हुई है, जो पेशे से ड्राइवर है. वहीं 18 साल की युवती घायल है. पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, दोनों एक प्राइवेट स्कूल में साथ पढ़ते थे और पिछले तीन साल से एक-दूसरे को जानते थे.
दोनों पहले रिलेशनशिप में थे, लेकिन बाद में रिश्ता टूट गया. इसी बीच लड़की के परिवार ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी. पुलिस का कहना है कि इसी बात से नाराज होकर बंदे नवाज ने हमला करने की योजना बनाई. वारदात के समय लड़की के माता-पिता घर पर नहीं थे. आरोपी सीधे घर में घुसा और सबसे पहले लड़की के दो छोटे भाइयों को एक कमरे में बंद कर दिया, इसके बाद उसने हॉल में मौजूद लड़की पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए.
यह भी पढ़ें: एकतरफा प्यार की कहानी... युवक ने घर में पेट्रोल डालकर लगा दी आग! 40 फीसदी झुलस गई लड़की
आरोपी ने गर्दन, हाथ, हथेलियों, पसलियों और जांघों पर कई वार किए गए. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद लड़की ने हिम्मत नहीं हारी. वह किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलकर घर के बाहर भागी और जोर-जोर से मदद के लिए चिल्लाने लगी. शोर सुनकर पड़ोसी दौड़कर आए और पुलिस को सूचना दी.
पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी ने अपनी गर्दन पर भी चाकू मारकर आत्महत्या की कोशिश की. मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया. लड़की का इलाज मणिपाल अस्पताल में चल रहा है और डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत में सुधार है. वहीं बंदे नवाज का इलाज वैदेही अस्पताल में जारी है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. जांच एजेंसियां अब यह भी पता लगा रही हैं कि आरोपी ने वारदात की कितने समय पहले से योजना बनाई थी और क्या उसने पहले भी युवती को धमकी दी थी.