अमेरिका में ट्रंप की तस्वीर वाले खास पासपोर्ट को लेकर खबरें सामने आ रही हैं. बताया जा रहा है कि व्हाइट हाउस ने पुष्टि की है कि सीमित संख्या में ऐसे पासपोर्ट जारी किए जाएंगे, जिनमें डोनाल्ड ट्रंप की फोटो होगी. यह खास पासपोर्ट अमेरिका की आजादी के 250 साल पूरे होने के मौके पर लाए जा रहे हैं, जो यूनाइटेड स्टेट्स डिक्लेरेशन ऑफ इंडिपेंडेंस से जुड़ा हुआ है. यह पासपोर्ट सीमित संख्या में जारी किया जाएगा और इसे यादगार बनाने के लिए खास डिजाइन दिया जाएगा. दरअसल, यह पहल यूनाइटेड स्टेट्स डिक्लेरेशन ऑफ इंडिपेंडेंस की 250वीं सालगिरह के जश्न से जुड़ी है, जिसे 4 जुलाई 1776 को अपनाया गया था.
अंदर ट्रंप की फोटो और सिग्नेचर की गोल्डन मुहर
विदेश विभाग के अनुसार, इस पासपोर्ट का आइडिया कई महीनों से चर्चा में था और हाल ही में इसे मंजूरी दी गई है. योजना के मुताबिक, 4 जुलाई से कुछ समय पहले वॉशिंगटन डीसी के पासपोर्ट ऑफिस में करीब 25,000 से 30,000 ऐसे पासपोर्ट उपलब्ध कराए जाएंगे. यानी यह हर किसी के लिए नहीं होगा, बल्कि सीमित लोगों को ही मिल पाएगा. इस पासपोर्ट का डिजाइन भी काफी अलग और खास बताया जा रहा है. अंदर के एक पेज पर डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर होगी, जिसके ऊपर उनके सिग्नेचर की गोल्डन मुहर लगी होगी.
वहीं पासपोर्ट के कवर पर भी बदलाव किया गया है. इसमें ऊपर की तरफ बड़े सुनहरे अक्षरों में यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका लिखा होगा, जो आम पासपोर्ट के डिजाइन से थोड़ा अलग है. इसके अलावा, पासपोर्ट के पीछे की तरफ नीचे एक छोटा सा सुनहरा अमेरिकी झंडा भी बनाया जाएगा. इस झंडे के साथ 250 लिखा होगा, जो 250वीं सालगिरह को दिखाता है. कुल मिलाकर, इस पासपोर्ट को एक यादगार और कलेक्शन आइटम की तरह तैयार किया जा रहा है.
हालांकि, कुछ ऐतिहासिक पन्नों में माउंट रशमोर की तस्वीर दिखाई जाती है, जिसमें चार पूर्व राष्ट्रपति- जॉर्ज वॉशिंगटन, थॉमस जेफरसन, थियोडोर रूजवेल्ट और अब्राहम लिंकन की मूर्तियां हैं. इसके अलावा, मौजूदा पासपोर्ट में स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी, लिबर्टी बेल और इंडिपेंडेंस हॉल जैसे ऐतिहासिक स्थानों की तस्वीरें भी होती हैं. इनमें देश के इतिहास और महान नेताओं के विचार भी शामिल रहते हैं.