उत्तराखंड के टिहरी जनपद के भिलंगना ब्लॉक के सीमांत गांव गेंवाली में गुरुवार दोपहर अचानक आकाशीय बिजली गिरने से दहशत फैल गई. खेतों में काम कर रही दो महिलाएं इसकी चपेट में आने से बेहोश हो गईं. वहीं गांव की छानियों के पास बिजली गिरने से कई भेड़-बकरियों के हताहत होने की आशंका जताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार गांव निवासी रूपा देवी पत्नी जयवीर सिंह और कु. बबीता पुत्री शेर सिंह दोपहर के समय खेतों में आलू रोपण का काम कर रही थीं. इसी दौरान अचानक तेज गर्जना हुई और आकाशीय बिजली गिर गई. बिजली की चपेट में आने से दोनों महिलाएं मौके पर ही बेहोश हो गईं.
खेत में काम कर रहीं दो महिलाएं बेहोश
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने दोनों महिलाओं को संभाला और डंडी-कंडी के सहारे अस्पताल ले जाने के लिए रवाना किया. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
दोनों महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया
ग्राम प्रधान देवेश्वरी देवी ने बताया कि बिजली गिरने की दूसरी घटना गांव की छानियों के पास भी हुई है. वहां मौजूद कई भेड़-बकरियों की मौत होने की आशंका है. हालांकि अभी तक हताहत पशुओं की सही संख्या सामने नहीं आ पाई है. आकाशीय बिजली गिरने की इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है. ग्रामीण लगातार खराब मौसम को लेकर चिंता जता रहे हैं.