उत्तराखंड के देहरादून से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. चोरी की एक घटना ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं. क्लेमेंट टाउन की रहने वाली कौशिकी ध्यानी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल Kaushiki_28 पर एक रील पोस्ट कर उत्तराखंड पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि इलाके में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन पुलिस चोरों तक नहीं पहुंच पा रही है. आरोप है कि स्थिति यहां तक पहुंच गई कि जिस चोर ने उनका मोबाइल चोरी किया, वही अब उन्हें मैसेज और WhatsApp करके फोन का पासवर्ड मांग रहा है.
पीड़िता कौशिकी ध्यानी ने बताया कि 12 सितंबर को उनका मोबाइल फोन चोरी हुआ था. उनके साथ उनकी दोस्त के भाई सक्षम नेगी और कई अन्य लोगों के भी फोन चोरी हुए. उनका दावा है कि इसी दौरान कई लोगों के मैकबुक, मोबाइल फोन और लाखों रुपये का सामान भी चोरी किया गया. कौशिकी का आरोप है कि चोरी की इन घटनाओं को लेकर पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई. उनका कहना है कि न तो एफआईआर दर्ज की गई और न ही शिकायतों पर कोई कार्रवाई हुई. इसके बाद 16 सितंबर को भी उसी इलाके में चोरी की एक और घटना हुई.
अब चोर ही फोन करके मांग रहा पासवर्ड
कौशिकी के मुताबिक, मामला सिर्फ मोबाइल चोरी तक सीमित नहीं है. उनका कहना है कि चोरी के बाद कथित चोर उन्हें SMS और WhatsApp कर रहा है. वह उनसे चोरी हुए फोन का पासवर्ड मांग रहा है. कौशिकी ने आरोप लगाया कि चोरों को अब पुलिस का डर नहीं रहा. उनका कहना है कि चोरों को लगता है कि पुलिस उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकती और उन्हें पकड़ा नहीं जा सकता. इसी वजह से चोरी के बाद भी कथित चोर बेखौफ होकर पीड़िता से संपर्क कर रहा है.

कौशिकी ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए. उनका कहना है कि जब वह चोरी की शिकायत करने पुलिस स्टेशन पहुंचीं तो वहां उन्हें कहा गया कि अभी यहां कोई नहीं है, बाद में आना. कौशिकी के मुताबिक, कई लोगों ने चोरी को लेकर शिकायत की थी, लेकिन उनकी एप्लीकेशन तक नहीं ली गई. उनका दावा है कि जब लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं, तब भी शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई.
आजतक ने कौशिकी ध्यानी से फोन पर बातचीत की. उन्होंने बताया कि जिस बिल्डिंग में वह रहती हैं, वहां से 5-6 मोबाइल फोन चोरी हुए हैं. इसके अलावा लैपटॉप भी चोरी किए गए हैं. कौशिकी ने बताया कि उनकी जानकारी के मुताबिक इन्हीं लड़कों ने उसी दिन आसपास के दूसरे पीजी और हॉस्टलों में भी चोरी की. उनके अनुसार चोरी की ये घटनाएं सुबह करीब 4 बजे से 8 बजे के बीच हुईं. उनका फ्लैट आखिरी निशाना था.
कौशिकी ने बताया कि उनका आईफोन चोरी होने के बाद उनके फोन पर कॉन्टैक्ट नंबर दिखाई देता है. उनका कहना है कि इसी नंबर को देखकर कथित चोर ने उनसे संपर्क किया. इसके बाद कथित चोर ने उनसे फोन का पासवर्ड मांगा. कौशिकी के अनुसार, चोरी के बाद इस तरह SMS और WhatsApp के जरिए संपर्क किए जाने से मामला और गंभीर हो गया है.
क्लेमेंट टाउन में एक और चोरी का दावा
इसी मामले से जुड़े एक अन्य इंस्टाग्राम वीडियो में अमनदीप नेगी भी चोरी की घटना के बारे में बताते नजर आ रहे हैं. वीडियो में बताया गया है कि कुशाग्रह जैसवाल ने भी चोरी की शिकायत की है. अमनदीप नेगी के मुताबिक, क्लेमेंट टाउन की लेन नंबर 9A में 16 सितंबर की सुबह करीब 6 बजे लाखों रुपये का सामान चोरी हुआ. इस घटना का भी जिक्र चोरी की अन्य घटनाओं के साथ किया गया है.
कौशिकी ध्यानी का पूरा आरोप यही है कि क्लेमेंट टाउन में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आने के बावजूद शिकायतों पर कार्रवाई नहीं हुई. उनका कहना है कि पहले चोर लोगों के घरों और कमरों से मोबाइल, लैपटॉप और अन्य सामान चोरी कर रहे थे, लेकिन अब कथित चोर चोरी किए गए मोबाइल के मालिक से ही उसका पासवर्ड मांग रहा है. यही बात इस पूरे मामले को और गंभीर बना रही है.