scorecardresearch
 

बस स्टैंड के गेट पर ताबड़तोड़ फायरिंग, कुख्यात बदमाश समेत 2 घायल... हमलावरों की तस्वीर आई सामने

बेगूसराय के बस स्टैंड गेट पर सुबह बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोलीबारी में कुख्यात बदमाश मनोज पासवान और फल विक्रेता अर्जुन साह घायल हुए हैं. पुलिस को मौके से तीन खोखे मिले हैं. हमलावरों की तस्वीर भी सामने आई है. सदर डीएसपी ने आपसी रंजिश में हमला होने की आशंका जताई है और आरोपियों की तलाश जारी है.

Advertisement
X
आपसी रंजिश में गोलीबारी की आशंका.(Photo: Sourabh Kumar/ITG)
आपसी रंजिश में गोलीबारी की आशंका.(Photo: Sourabh Kumar/ITG)

बिहार के बेगूसराय में बुधवार सुबह बाइक सवार बदमाशों ने बस स्टैंड के गेट पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. अचानक हुई गोलीबारी में दो लोग घायल हो गए. इनमें नगर थाना क्षेत्र के गाछी टोला निवासी मनोज पासवान और फल विक्रेता अर्जुन साह शामिल हैं. गोली लगने के बाद दोनों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया.

बताया जा रहा है कि मनोज पासवान का आपराधिक इतिहास रहा है. वह जमीन और फल के कारोबार से भी जुड़ा है. रोज की तरह बुधवार सुबह करीब 5.30 बजे वह घर से निकलकर बस स्टैंड के गेट के पास चाय की दुकान पर रुका था. इसी दौरान बाइक सवार बदमाश वहां पहुंचे और बिना कुछ पूछे अचानक फायरिंग शुरू कर दी.

यह भी पढ़ें: पुलिस की गाड़ी से कूदा, भागने के दौरान टूटा पैर... अब प्लास्टर लगाकर कोर्ट पहुंचा बेगूसराय होटल कांड का आरोपी

गोलीबारी में मनोज पासवान की जांघ में गोली लगी. उसी दौरान अपनी फल की दुकान खोल रहे अर्जुन साह भी गोली की चपेट में आ गए. दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. एक को निजी अस्पताल और दूसरे को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

Advertisement

मनोज को निशाना बनाने का शक

बताया जाता है कि गोली लगने के बाद मनोज पासवान मौके से अपने घर की तरफ भागने लगा. आरोप है कि हमलावरों ने उसे रास्ते में भी खदेड़कर फायरिंग की. घटना के दौरान बदमाशों की तस्वीर भी सामने आई है, जिसके आधार पर पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी है.

मनोज पासवान ने पुलिस को बताया है कि वह फायरिंग करने वाले बदमाशों को नहीं पहचानता. उसने किसी तरह की वजह के बारे में भी जानकारी होने से इनकार किया है. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. आशंका जताई जा रही है कि हमलावर मनोज पासवान को निशाना बनाकर पहुंचे थे, लेकिन फल दुकान खोल रहे अर्जुन साह भी गोली की चपेट में आ गए.

बेगूसराय​

घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी प्रशांत कुमार और नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और वहां से तीन खोखे बरामद किए. फायरिंग करने वाले बदमाशों की तस्वीर सामने आने के बाद पुलिस उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

आपसी रंजिश में गोलीबारी की आशंका

सदर डीएसपी प्रशांत कुमार ने बताया कि बाइक सवार तीन बदमाश बस स्टैंड पहुंचे थे और बिना किसी पूछताछ के फायरिंग शुरू कर दी. इस घटना में मनोज पासवान और एक फल विक्रेता को गोली लगी है. उन्होंने बताया कि मनोज पासवान का आपराधिक इतिहास रहा है और उसका बस स्टैंड से भी पुराना जुड़ाव रहा है.

Advertisement

डीएसपी के मुताबिक, घायल की ओर से फिलहाल घटना की कोई वजह या हमलावरों की पहचान नहीं बताई गई है. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. शुरुआती जांच में आपसी रंजिश में गोलीबारी किए जाने की आशंका है. हालांकि, हमले की असली वजह पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी.

पुलिस अब सामने आई तस्वीरों और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर हमलावरों की पहचान में जुटी है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि बस स्टैंड पहुंचकर मनोज पासवान पर हमला करने की वजह क्या थी. पुलिस का कहना है कि बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement