मॉनसून अब पूरे देश में आ चुका है और जमकर बरस रहा है. पहाड़ों पर भारी बारिश ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. उत्तराखंड में मॉनसून की बारिश में भूस्खलन की खबरें सामने आ रही हैं. पहाड़ों से पत्थर और मलबा गिर रहा है. इस बीच भगवान बद्रीनाथ और बाबा केदारनाथ की यात्रा में भी रुकावट आने लगी है.
केदारनाथ जाने वाले रास्ता पर भारी बारिश के बाद भूस्खलन हो रहा है. पहाड़ से बड़े-बड़े पत्थर नीचे गिर रहे हैं और यात्रा मार्ग को अवरुद्ध कर रहे हैं. पत्थर हटाए भी जा रहे हैं लेकिन इसकी वजह से यात्रा को कुछ देर के लिए रोकना पड़ा है.
सोनप्रयाग-गौरीकुंड मोटरमार्ग पर मुनकटिया में भूस्खलन हुआ है. भारी बारिश के कारण गुरुवार को पहाड़ी से बड़े-बड़े बोल्डर गिरने के बाद सुरक्षा के चलते केदारनाथ आने-जाने वाले यात्रियों को रोका गया.
मौसम भले ही खराब हो, बरसात जारी हो, भूस्खलन हो रहा हो और यात्रा रोकनी पड़ रही हो लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था पर कोई असर नहीं पड़ा है.केदारधाम में भक्तों का उत्साह बना हुआ है.हालांकि, बीते 3 दिनों से केदारनाथ आने वाले यात्रियों की संख्या घटी है. अब तक 13 लाख 80 से ज्यादा यात्री बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं लेकिन अब भारी बारिश के अलर्ट की वजह से प्रशासन की तरफ से यात्रियों को रोका जा रहा है.
केदारनाथ ही नहीं भगवान बद्रीनाथ जाने वाला रास्ता भी जगह-जगह बंद हो रहा है. चमोली में भारी बारिश की वजह से ऋषिकेश-बद्रीनाथ नेशनल हाइवे पर आवाजाही रोकी गई है. जोशीमठ और पीपल कोटी के बीच गुलाबकोटि के पास नेशनल हाइवे पर मलबा आने और सड़क धंसने की वजह से बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ है.
ऐसा नहीं है कि भारी बारिश ऊपर केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में ही हो रही है, बल्कि निचले इलाकों में भी यात्रा मार्ग पर भारी बरसात है. ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर धारी देवी के पास सिरोबगड़ डेंजर जोन से बोल्डर गिरने की वजह से भी यातायात बाधित हो रहा है. उधर, अलकनंदा नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ता जा रहा है. नदी से 30 मीटर दूर स्थित भगवान शिव की विशाल मूर्ति भी कमर तक पानी में डूब चुकी है.
नैनीताल और बागेश्वर में भारी बारिश का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तराखंड के नैनीताल और बागेश्वर जिलों के लिए शुक्रवार को 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, मॉनसून 30 जून को उत्तराखंड पहुंचा था और बुधवार तक पूरे राज्य में एक्टिव हो गया है.
अन्य जिलों में येलो अलर्ट
नैनीताल और बागेश्वर के अलावा देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों के कुछ हिस्सों में बारिश का 'येलो' अलर्ट जारी किया गया है.