मशहूर ब्रिटिश अभिनेता पैट्रिक स्टीवर्ट (Patrick Stewart) नहीं रहे. गुरुवार देर रात 86 साल की उम्र में उनका निधन हो गया है. 'स्टार ट्रेक: द नेक्स्ट जेनरेशन' में कैप्टन जीन-ल्यूक पिकार्ड और 'एक्स-मेन' फिल्मों में प्रोफेसर चार्ल्स जेवियर का किरदार निभाकर दुनियाभर में पहचान बनाने वाले स्टीवर्ट ने लॉस एंजिल्स स्थित अपने घर पर अंतिम सांस ली. वह अल्जाइमर और लेवी बॉडी डिमेंशिया से जूझ रहे थे. उनके निधन की जानकारी उनके आधिकारिक एक्स अकाउंट पर जारी बयान के जरिए दी गई है.
पैट्रिक स्टीवर्ट के एक्स अकाउंट पर जारी बयान में बताया गया कि उनका निधन 28 अक्टूबर को लॉस एंजिल्स स्थित घर पर हुआ. अंतिम समय में उनकी पत्नी सनी ओजेल उनकी देखभाल कर रही थीं. वह कुछ समय से अल्जाइमर और लेवी बॉडी डिमेंशिया जैसी बीमारियों से जूझ रहे थे. बड़े दुख के साथ उनके निधन की जानकारी देते हुए बताया गया कि सर पैट्रिक स्टीवर्ट अल्जाइमर और लेवी बॉडी डिमेंशिया से जूझ रहे थे और इस संघर्ष के बाद उन्होंने अंतिम सांस ली.
गरीबी में बीता बचपन, शेक्सपियर के नाटकों से मिली पहचान
पैट्रिक स्टीवर्ट का जन्म 13 जुलाई 1940 को इंग्लैंड के यॉर्कशायर स्थित मिरफील्ड में हुआ था. उनका बचपन आर्थिक परेशानियों के बीच गुजरा. उन्होंने महज 18 साल की उम्र में अभिनय की शुरुआत कर दी थी. 1960 के दशक में वह रॉयल शेक्सपियर कंपनी से जुड़े और शेक्सपियर के नाटकों में अपने अभिनय से पहचान बनाई. हालांकि, बचपन में उन्हें कई मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना पड़ा था.
स्टीवर्ट ने अपने जीवन के बारे में बताया था कि उनके पिता द्वितीय विश्व युद्ध से लौटने के बाद शराब की लत और पोस्ट-ट्रॉमेटिक स्ट्रेस से जूझ रहे थे. उन्होंने अपने पिता को मां के साथ मारपीट करते भी देखा था. जब वह 12 साल के थे, तब एक शिक्षक ने उन्हें शेक्सपियर के नाटक 'द मर्चेंट ऑफ वेनिस' से परिचित कराया. इसके बाद अभिनय उनके लिए एक सुरक्षित दुनिया बन गया.
'स्टार ट्रेक' ने बनाया मशहूर सितारा
पैट्रिक स्टीवर्ट को अंतरराष्ट्रीय पहचान 47 साल की उम्र में मिली, जब उन्हें 'स्टार ट्रेक: द नेक्स्ट जेनरेशन' में कैप्टन जीन-ल्यूक पिकार्ड की भूमिका मिली. यह टेलीविजन सीरीज 1987 से 1994 तक चली. इस किरदार ने स्टीवर्ट को दुनियाभर में लोकप्रिय बना दिया. पिकार्ड के रूप में उनकी गंभीरता, बुद्धिमत्ता और नेतृत्व क्षमता दर्शकों के बीच काफी पसंद की गई.
किरदार के मशहूर संवाद 'Make it so' और 'Engage' प्रशंसकों के बीच लोकप्रिय हो गए.
इसके बाद स्टीवर्ट ने कई स्टार ट्रेक फिल्मों में यह भूमिका दोहराई. साल 2020 में वह स्ट्रीमिंग सीरीज 'स्टार ट्रेक: पिकार्ड' के जरिए इस किरदार में लौटे. उस समय उनकी उम्र 79 साल थी. 2022 में द गार्जियन को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि समय के साथ उनके अपने व्यक्तित्व और पिकार्ड के किरदार के बीच का अंतर कम होता गया. उनकी कई व्यक्तिगत मान्यताएं और भावनाएं इस किरदार का हिस्सा बन गई थीं.
'एक्स-मेन' में प्रोफेसर एक्स बनकर जीता दर्शकों का दिल
स्टार ट्रेक के अलावा पैट्रिक स्टीवर्ट को 'एक्स-मेन' फिल्म फ्रेंचाइजी में प्रोफेसर चार्ल्स जेवियर की भूमिका के लिए भी जाना जाता है. साल 2000 में रिलीज हुई पहली 'एक्स-मेन' फिल्म से उन्होंने इस किरदार की शुरुआत की थी. जेवियर व्हीलचेयर का इस्तेमाल करने वाले म्यूटेंट सुपरहीरोज के नेता थे. इसके बाद स्टीवर्ट ने फ्रेंचाइजी की कई फिल्मों में इस किरदार को निभाया और सुपरहीरो सिनेमा की दुनिया में भी अपनी अलग पहचान बनाई.
महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने दिया था नाइटहुड सम्मान
अभिनय के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ने 2010 में बकिंघम पैलेस में उन्हें नाइटहुड से सम्मानित किया था. स्टीवर्ट ने इस सम्मान को अपने पेशेवर जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक बताया था. उन्होंने खुद को लॉरेंस ओलिवियर, जॉन गिलगड और एलेक गिनीज जैसे महान ब्रिटिश अभिनेताओं की परंपरा का हिस्सा माना था. पैट्रिक स्टीवर्ट ने अपने जीवन में तीन शादियां की थीं और उनके दो बच्चे हैं. साल 2013 में उन्होंने अमेरिकी संगीतकार सनी ओजेल से शादी की थी. थिएटर, टेलीविजन और सिनेमा में दशकों तक सक्रिय रहने वाले पैट्रिक स्टीवर्ट ने अपने अभिनय से दुनियाभर के दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी.