धर्मनगरी हरिद्वार के सबसे व्यस्त और मुख्य मार्ग पर एक बेहद हैरान और डरा देने वाली घटना सामने आई है. शहर के बीचों-बीच स्थित ललताराव पुल के पास अचानक सड़क धंस गई, जिससे पैदल जा रही एक महिला सीधे उस गहरे गड्ढे में समा गई.
यह पूरी खौफनाक घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज अब तेजी से वायरल हो रहा है.
राहत की बात यह रही कि महिला को तुरंत बचा लिया गया और एक बड़ा हादसा होने से टल गया, लेकिन इस घटना ने प्रशासनिक दावों की पोल खोलकर रख दी है.
बिल्कुल ठीक थी सड़क, अचानक जमीन में समा गई महिला
सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीद के अनुसार, जब महिला सड़क से गुजर रही थी, तब तक सड़क पूरी तरह से सामान्य और ठीक दिख रही थी. लेकिन जैसे ही महिला एक खास स्थान पर पहुंची, अचानक वहां की जमीन धंस गई और एक बड़ा गड्ढा बन गया. महिला को संभलने का एक मौका भी नहीं मिला और वह सीधे गड्ढे के अंदर गिर गई. देखें VIDEO:-
जिस जगह पर सड़क धंसी, ठीक उसी के नीचे से सीवर लाइन, गैस पाइपलाइन और हाई-टेंशन अंडरग्राउंड बिजली की तारें गुजर रही हैं. यदि गैस लीक या बिजली का करंट फैलता तो कोई भी भयानक त्रासदी हो सकती थी. देखें VIDEO:-
कांवड़ मेले के बीच सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल
वर्तमान में हरिद्वार में विश्वप्रसिद्ध कांवड़ मेला चल रहा है. ललताराव पुल वह मुख्य मार्ग है जहां से प्रतिदिन हजारों-लाखों शिवभक्त 'हर की पौड़ी' जल लेने जाते हैं और वापस अपने गंतव्यों की ओर लौटते हैं. ऐसे में इतने व्यस्ततम और संवेदनशील मार्ग पर सड़क का इस तरह अचानक धंसना स्थानीय प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (PWD) की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े करता है.