उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से एक शर्मनाक घटना सामने आई है. हरकी पैड़ी क्षेत्र में यूपी से आए महिला श्रद्धालुओं के साथ मारपीट का मामला दर्ज किया गया है. आरोप है कि एक व्यक्ति ने महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया, जिसका उन्होंने विरोध किया तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट भी की.
पीड़ित महिलाओं ने इस मामले की शिकायत नगर कोतवाली पुलिस में दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया. बताया जा रहा है कि आरोपी की हरकत का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह महिला श्रद्धालुओं पर हाथ उठाता हुआ दिखाई दे रहा है.
जानकारी के अनुसार, झांसी (उत्तर प्रदेश) का एक परिवार 15 मई को अधिक मास के स्नान के लिए हरिद्वार आया था और तभी से वहीं रहकर गंगा स्नान और पूजा-पाठ कर रहा था. इसी दौरान तीन बहनों के साथ यह घटना हुई.
महिलाओं का आरोप है कि जब वे शिव मंदिर में जल चढ़ा रही थीं, तभी आरोपी रवि चौहान उनके पास आया और अशोभनीय व्यवहार करने लगा. इतना ही नहीं, उसने कथित तौर पर यह भी कहा कि यदि उन्हें वहां स्नान और पूजा करनी है तो उन्हें उससे मिलना होगा.
महिलाओं ने बताया कि इससे पहले भी आरोपी ने 7 मई को मंदिर परिसर में उनके साथ अभद्र व्यवहार किया. विरोध करने और उसे पुलिस चौकी ले जाने की कोशिश के दौरान आरोपी ने उनके साथ मारपीट भी की.