scorecardresearch
 

हरिद्वार में धार्मिक स्थलों से उतरवाए 94 लाउडस्पीकर, पुलिस ने कहा- नियम तोड़े तो अगली बार एक्शन होगा

उत्तराखंड के हरिद्वार में पुलिस ने धार्मिक स्थलों पर लगे 94 लाउडस्पीकर हटा दिए. वजह बताई गई कि ये तय मानकों से ज्यादा आवाज में चल रहे थे. पुलिस का कहना है कि कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के निर्देश, सरकारी आदेश और Noise Pollution Rules के तहत की गई है. साथ ही धार्मिक स्थलों के प्रबंधन को साफ चेतावनी दी गई है कि आगे नियम तोड़े तो कानूनी कार्रवाई होगी.

Advertisement
X
अभियान चलाकर पुलिस ने लोगों को समझाया. (Photo: Representational)
अभियान चलाकर पुलिस ने लोगों को समझाया. (Photo: Representational)

हरिद्वार में पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है. यहां धार्मिक स्थलों से 94 लाउडस्पीकर हटा दिए गए. पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान ये लाउडस्पीकर तय सीमा से ज्यादा आवाज में चल रहे थे, जो ध्वनि प्रदूषण के साथ सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का उल्लंघन था.

एजेंसी के अनुसार, इस अभियान में पुलिस की टीमों ने जिले के शहरी और ग्रामीण दोनों इलाकों के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों का जायजा लिया. इस दौरान जहां भी नियमों का उल्लंघन मिला, वहां कार्रवाई की गई. कार्रवाई के दौरान शहरी क्षेत्रों से 31 और ग्रामीण इलाकों से 63 लाउडस्पीकर हटाए गए. यानी पूरे जिले में कुल 94 लाउडस्पीकर उतार दिए गए.

पुलिस का कहना है कि इस अभियान का मकसद सिर्फ कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों को नियमों के प्रति जागरूक करना भी है. इसलिए धार्मिक स्थलों के प्रबंधन और संबंधित समितियों को ध्वनि प्रदूषण से जुड़े नियमों की जानकारी दी गई. उन्हें बताया गया कि बिना अनुमति के लाउडस्पीकर का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता और अनुमति मिलने के बाद भी तय ध्वनि सीमा का पालन करना जरूरी है.

यह भी पढ़ें: 'मंदिर या मस्जिद, तेज आवाज में कहीं भी नहीं बजेंगे लाउडस्पीकर', CM शुभेंदु का सख्त आदेश

Advertisement

पुलिस ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अगर भविष्य में बिना अनुमति या तय मानकों से अधिक आवाज में लाउडस्पीकर चलाए गए तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

दरअसल, सुप्रीम कोर्ट और केंद्र सरकार समय-समय पर ध्वनि प्रदूषण को कंट्रोल करने के लिए दिशा-निर्देश जारी करते रहे हैं. इन्हीं निर्देशों के तहत राज्य सरकारें और स्थानीय प्रशासन अभियान चलाकर यह सुनिश्चित करते हैं कि सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर का इस्तेमाल नियमों के मुताबिक हो.

हरिद्वार पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और जहां भी नियमों का उल्लंघन मिलेगा, वहां कार्रवाई की जाएगी. पुलिस के द्वारा जारी की गई आधिकारिक जानकारी में केवल इतना कहा गया है कि कार्रवाई विभिन्न धार्मिक स्थलों पर नियमों के उल्लंघन के मामलों में की गई.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement