तेलंगाना के निर्मल जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. हां मरीज को इलाज के लिए अस्पताल ले जा रही एंबुलेंस को एक लॉरी ने टक्कर मार दी. हादसे में मां और बेटी की मौत हो गई, जबकि एंबुलेंस चालक समेत चार लोग घायल हो गए. टक्कर इतनी गंभीर थी कि एंबुलेंस में सवार मां और बेटी, दोनों की ही मौत हो गई.
यह हादसा निर्मल जिले के सोन मंडल में कदथल वाई-जंक्शन के पास हुआ. घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, आदिलाबाद जिले के गडिगुड़ा मंडल के झरी गांव की रहने वाली 22 साल की सरस्वती को इलाज के लिए एंबुलेंस से ले जाया जा रहा था. उनकी 50 साल की मां पारू बाई और परिवार के दूसरे सदस्य भी उनके साथ थे.
यह भी पढ़ें: राजस्थान के चूरू में बड़ा हादसा... एक ही परिवार के 5 लोगों सहित 6 की मौत, देवी के दर्शन करने जा रहा था परिवार
इसी दौरान कदथल वाई-जंक्शन पर एंबुलेंस की लॉरी से जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में सरस्वती और उनकी मां पारू बाई को गंभीर चोटें आईं और दोनों की मौत हो गई. हादसे में एंबुलेंस चालक और परिवार के तीन अन्य सदस्य घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
गलत दिशा से आ रही थी लॉरी?
शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि लॉरी सड़क पर गलत दिशा में चल रही थी. हालांकि, टक्कर किन हालातों में हुई और हादसे की असली वजह क्या थी, यह जांच के बाद ही सामने आएगा. फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है.