जबरन धर्म परिवर्तन का मुद्दा लगातार गरमाता नजर आ रहा है. राज्यसभा में इस मसले पर गुरुवार को भारी हंगामा हुआ. विपक्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मसले पर जवाब देने की मांग कर रहा है.
राज्यसभा में हंगामे के बीच सरकार ने विपक्ष से कहा कि वह धर्मांतरण पर चर्चा कराने को तैयार है. इसके बाद भी विपक्ष का हंगामा नहीं थमा. विपक्ष पीएम से ही जवाब की मांग पर अड़ा हुआ है. हंगामे के वक्त नरेंद्र मोदी भी राज्यसभा में मौजूद थे.
गौरतलब है कि आगरा व अलीगढ़ समेत उत्तर भारत के कुछ शहरों में जबरन धर्मांतरण कराए जाने के आरोप सामने आए हैं. दूसरी ओर कुछ हिंदूवादी संगठनों ने इसे 'धर्म परिवर्तन' की जगह 'घर वापसी' का कार्यक्रम करार दिया है. बहरहाल, इस मसले पर सियासत लगातार गरमाती जा रही है.