scorecardresearch
 

LIVE: 'फ्रेट कॉरिडोर 7-8 साल अटका रहा, फाइलें घूमती रहीं', वडोदरा में पीएम मोदी का Gen-Z से मेगा संवाद

वडोदरा में पीएम मोदी ने डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की रफ्तार पर बात की. उन्होंने कहा कि 2014 से पहले प्रोजेक्ट फाइलों में अटका रहा, अब 2,800 किमी से ज्यादा कॉरिडोर पूरा हो चुका है.

Advertisement
X
युवाओं से संवाद करेंगे पीएम मोदी. (Photo: PTI)
युवाओं से संवाद करेंगे पीएम मोदी. (Photo: PTI)

वडोदरा में पीएम मोदी ने युवाओं से संवाद के दौरान डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट का विचार आने के बाद कई साल तक काम आगे नहीं बढ़ पाया. फाइलें एक टेबल से दूसरी टेबल तक घूमती रहीं. 2014 के बाद इसे रफ्तार मिली और अब 2,800 किलोमीटर से ज्यादा लंबे कॉरिडोर का काम पूरा हो चुका है.

पीएम मोदी ने कहा कि डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर देश में काम करने के तरीके में आए बदलाव की मिसाल है. उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट पर 2004 में विचार शुरू हुआ था. 2006 में इसके लिए एक अलग कंपनी बनाई गई. इसके बाद 2014 तक फाइलें ही एक जगह से दूसरी जगह जाती रहीं.

उन्होंने इसे हल्के अंदाज में कहा कि इन फाइलों को भी कोई डेडिकेटेड कॉरिडोर नहीं मिला. फाइलें अटकती थीं, लटकती थीं, फिर भटकती थीं.

'7-8 साल में एक किलोमीटर भी पूरा नहीं हुआ'

पीएम मोदी ने युवाओं से कहा कि उन्हें यह बात याद रखनी चाहिए कि 7-8 साल में फ्रेट कॉरिडोर का एक किलोमीटर हिस्सा भी पूरा नहीं हो पाया था. 2014 के बाद उनकी सरकार ने इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने पर काम शुरू किया. उन्होंने कहा कि आज 2,800 किलोमीटर से ज्यादा लंबे कॉरिडोर का काम पूरा हो चुका है. पूर्वी और पश्चिमी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर अब देश के कारोबार के लिए अहम आधार बन रहे हैं.

Advertisement

पीएम मोदी ने बताया कि पहले मालगाड़ी उन्हीं पटरियों पर चलती थी, जिन पर यात्री ट्रेनें चलती थीं. इससे दोनों तरह की ट्रेनों की रफ्तार प्रभावित होती थी. डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर ने इस व्यवस्था को बदल दिया. उनके मुताबिक, इस कॉरिडोर पर रोजाना करीब 430 मालगाड़ियां चल रही हैं. पहले मालगाड़ी को 100 किलोमीटर जाने में करीब चार घंटे लगते थे. अब यही दूरी आधे से भी कम समय में तय हो सकती है.

किसानों को भी मिलेगा फायदा

पीएम मोदी ने कहा कि कॉरिडोर से सामान कम समय में एक जगह से दूसरी जगह पहुंच सकेगा. इसका फायदा किसानों को भी मिलेगा. फल, सब्जियां, फूल जैसी जल्दी खराब होने वाली चीजें अब बड़े बाजारों तक तेजी से पहुंच सकती हैं.

उन्होंने यह भी बताया कि मुंबई के जेएनपीटी पोर्ट से वडोदरा तक डबल स्टैक कंटेनर मालगाड़ी चलाई गई. इसमें एक कंटेनर के ऊपर दूसरा कंटेनर रखा गया. एक बार में 250 से ज्यादा ट्रकों के बराबर सामान ले जाया गया.

पीएम मोदी ने कहा कि इससे समय, ईंधन और माल ढुलाई की लागत बचती है. ट्रांसपोर्ट के इस बदलाव से कारोबार को गति मिलने के साथ पर्यावरण को भी फायदा होगा.

 

यह खबर शुरुआती सूचनाओं के साथ प्रकाशित की गई है. जल्द नए अपडेट्स जोड़े जाएंगे.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement