वाकई कहना होगा कि अब तो आदत सी पड़ गई है. आए दिन दूध के दाम बढ़ते हैं. कभी मदर तो कभी अमूल. आज मदर की बारी थी. करीब तीन महीने बाद मदर डेयरी ने फिर से दूध के दाम बढ़ा दिए हैं.
मदर डेयरी का दूध एक बार फिर हाजिर है बढ़ी हुई कीमतों के साथ. नए दाम रविवार सुबह से लागू हो गए हैं. मदर डेयरी ने फुल क्रीम से लेकर स्किम्ड मिल्क तक सबके दामों में इजाफा किया है.
फुल क्रीम के दाम में 2 रुपये की बढ़ोत्तरी की गई है. यानी मदर डेयरी का फुल क्रीम मिल्क अब 35 की जगह 37 रुपये लीटर मिलेगा जबकि टोंड दूध के दाम भी दो रुपये बढ़ाए गए हैं. अब मदर डेयरी का टोंड दूध 27 की जगह 29 रुपये लीटर मिलेगा. हालांकि मदर डेयरी ने वेंडेड टोंड दूध, डबल टोंड दूध और स्किम्ड दूध में एक-एक रुपये की ही बढ़ोत्तरी ही की है.
इसके पहले 14 मई को भी मदर डेयरी ने अपने दूध का भाव बढ़ाया था जबकि अमूल ने अगस्त के पहले हफ्ते में दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया था.