scorecardresearch
 

चंडीगढ़ में श्रीनगर, शिमला से ज्यादा ठंड, आज सबसे सर्द दिन

चंडीगढ़ के इतिहास में बुधवार का दिन सबसे ठंडा रहा और यह श्रीनगर और शिमला से भी ज्यादा ठंडा रहा. पंजाब और हरियाणा में सर्द हवाओं और कोहरे की घनी चादर से सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा.

Advertisement
X

चंडीगढ़ के इतिहास में बुधवार का दिन सबसे ठंडा रहा और यह श्रीनगर और शिमला से भी ज्यादा ठंडा रहा. पंजाब और हरियाणा में सर्द हवाओं और कोहरे की घनी चादर से सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा.

दोनों राज्यों से मिल रही खबरों के अनुसार कोहरे की वजह से ट्रेन और सड़क यातायात काफी प्रभावित रहा है.

चंडीगढ़ में सुबह के समय कोहरे और ठंडी हवाओं का प्रकोप देखा गया जिससे अधिकतम तापमान सामान्य से 14 डिग्री नीचे लुढ़ककर 7.4 डिग्री सेल्सियस के स्तर पर पहुंच गया. आज यहां का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

यहां मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने बताया, ‘चंडीगढ़ के इतिहास में पहले कभी इतना ठंडा दिन नहीं रहा. इससे पहले 12 जनवरी 2003 को अधिकतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था.

Advertisement

मौसम विभाग ने कहा कि शहर आज कश्मीर के श्रीनगर से भी ज्यादा ठंडा है. श्रीनगर में आज अधिकतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया वहीं शिमला में अधिकतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 2.7 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ हरियाणा का नारनौल शहर सबसे ठंडा रहा. भिवानी में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस, रोहतक में 4.6 डिग्री सेल्सियस और गुड़गांव में पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

दूसरी तरफ पंजाब के लुधियाना और पटियाला में न्यूनतम तापमान क्रमश:4.6 और 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने शुक्रवार तक मौसम के ऐसे ही बने रहने की संभावना व्यक्त की है.

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement