शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे भी देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार कार्टूनिस्ट असीम त्रिवेदी के समर्थन में उतर आए. बाल ठाकरे ने उनपर देशद्रोह कानून लगाये लाने के प्रति अपना विरोध जाहिर किया.
मंगलवार को ही बाल ठाकरे के भतीजे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे ने त्रिवेदी को अपना समर्थन दिया था. शिवसेना के मुखपत्र ‘सामना’ के संपादकीय में ठाकरे ने कहा है, ‘अपने कार्टूनों के जरिए त्रिवेदी ने संसद में गिरते स्तर को दर्शाने की कोशिश की है और सरकार ने उसपर देशद्रोह का आरोप लगा दिया.’
उन्होंने कहा, ‘त्रिवेदी ने चिन्हों का अपमान किया है लेकिन इसके आधार पर उसे एक देशद्रोही का तमगा लगाकर गिरफ्तार कर लेना न्यायोचित नहीं कहा जा सकता.’ चुटकी लेते हुए आगे ठाकरे कहते हैं, ‘अफजल गुरु तिहाड़ जेल में आनंद से रह रहा है. आप त्रिवेदी को भी उसी मापदंड पर कैसे आंक सकते हैं?’
ठाकरे ने कहा, ‘देशद्रोह का कानून ब्रिटिश लोग लाए थे. ब्रिटेन इसे अपने संविधान से हटा चुका है लेकिन हमारे संविधान में यह अभी तक मौजूद है.’
उन्होंने कहा, ‘सरकार को यह बताना चाहिए कि वंदेमातरम गाने से इनकार करने वाले कितने लोगों पर देशद्रोह के आरोप लगाया गया? पुलिस ने राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने पर शाहरुख खान जैसे लोगों के खिलाफ सिर्फ मामले ही दर्ज किए लेकिन उनपर देशद्रोह का आरोप लगाने या राष्ट्रीय चिन्ह का अपमान करने पर उन्हें गिरफ्तार करने का कोई रिकॉर्ड नहीं है.’