पंजाब के तरनतारन में फायरिंग की घटना सामने आई है. यहां एक कार में सवार दो युवकों ने दूसरी कार में मौजूद तीन युवकों पर गोलियां चला दीं. इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं. घायलों का इलाज जारी है. तरनतारन के एसपी हेडक्वार्टर सुखनिंदर सिंह ने बताया कि खेमकरण पुलिस स्टेशन को घटना की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां दो गाड़ियां मिलीं. शुरुआती जांच में सामने आया कि एक कार में सवार दो युवकों ने दूसरी कार में बैठे तीन युवकों पर फायरिंग की थी.
गोलीबारी में घायल गुरसेवक सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई. वहीं, दो अन्य युवकों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज चल रहा है. पुलिस ने गोली चलाने वाले दोनों आरोपियों की पहचान मंजीत सिंह और उसके भाई संदीप सिंह के रूप में की है. एसपी के मुताबिक, शुरुआती जांच में इस घटना के पीछे गैंगस्टर या रंगदारी से जुड़ा कोई एंगल सामने नहीं आया है.
पुलिस को आशंका है कि यह गलत पहचान के कारण हुई फायरिंग का मामला हो सकता है. हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है. फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है. पुलिस मामले में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया में है. अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.