scorecardresearch
 

दादा-दादी के सामने बच्ची का अपहरण, कार से आए बदमाशों ने किया किडनैप- VIDEO

पंजाब के मोहाली के कुराली में साढ़े चार साल की बच्ची का दिनदहाड़े कथित अपहरण कर लिया गया. बच्ची को उसके दादा-दादी के सामने कार सवार लोग उठाकर ले गए. विरोध करने पर कार चालक ने दादा-दादी को कुचलने की कोशिश भी की. पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई.

Advertisement
X
दादा के सामने बच्ची को किया अगवा. (Photo: Screengrabs)
दादा के सामने बच्ची को किया अगवा. (Photo: Screengrabs)

पंजाब के मोहाली जिले के कुराली इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां दिनदहाड़े मंगलवार को साढ़े चार साल की एक मासूम बच्ची का अपहरण कर लिया गया. हैरानी की बात यह रही कि बच्ची को उसके दादा-दादी के सामने से कार सवार लोग जबरन उठाकर ले गए. बच्ची को बचाने की कोशिश में सामने आए दादा-दादी को भी कार चालक ने कुचलने का प्रयास किया. पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

बदमाशों ने दादा-दादी को कुचलने का भी किया प्रयास
मिली जानकारी के मुताबिक घटना उस समय हुई जब बच्ची अपने दादा-दादी के साथ घर के बाहर मौजूद थी. तभी अचानक एक कार वहां आकर रुकी और उसमें सवार कुछ लोग तेजी से बाहर निकले. आरोप है कि उन्होंने बच्ची को जबरन उठाया और कार में बैठाकर फरार हो गए. इस दौरान बच्ची के दादा-दादी ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन कार चालक ने तेज रफ्तार में वाहन आगे बढ़ा दिया. परिजनों का आरोप है कि चालक ने जानबूझकर उन्हें कुचलने का प्रयास किया, हालांकि वे बाल-बाल बच गए.

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है और कार व उसमें सवार लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.

Advertisement

पुलिस का दावा, जल्द ही बच्ची को कर लेंगे बरामद
बच्ची के पिता ने इस पूरे मामले में अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि उनके और पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है और बच्चों की कस्टडी को लेकर मामला कोर्ट में विचाराधीन है. पिता का आरोप है कि उनकी पत्नी ने ही कुछ लोगों की मदद से बच्ची का अपहरण करवाया है. उन्होंने कहा कि यह पूरी घटना पहले से बनाई गई साजिश का हिस्सा लगती है.

वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है. पारिवारिक विवाद, कस्टडी केस और अपहरण की आशंका को ध्यान में रखते हुए पुलिस अलग-अलग टीमों के जरिए जांच में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि बच्ची की सुरक्षित बरामदगी उनकी पहली प्राथमिकता है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement