पंजाब के गुरदासपुर में पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस पंजाब को बड़ी सफलता मिली है. सुरक्षा एजेंसियों ने 27 अप्रैल 2026 को भाजपा नेता की दुकान के पास मिले हैंड ग्रेनेड मामले को सुलझाने का दावा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी विदेशी हैंडलर के संपर्क में थे और उसके निर्देशों पर काम कर रहे थे. इस मामले में एक और हैंड ग्रेनेड भी बरामद किया गया है, जिससे सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमरजीत बिल्ला, करणजीत और सतनाम सिंह के रूप में हुई है. तीनों को जालंधर के रामामंडी इलाके से गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से एक जिंदा हैंड ग्रेनेड बरामद हुआ है. इसके बाद बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को भी जांच में लगाया गया है.
आरोपियों से पूछताछ में जुटी पुलिस
इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए गुरदासपुर के एसएसपी आदित्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की. उन्होंने बताया कि 27 अप्रैल को गीता भवन रोड स्थित भाजपा नेता की दुकान के पास एक संदिग्ध हैंड ग्रेनेड मिलने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर इलाके को सील कर दिया था. शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए काउंटर इंटेलिजेंस पंजाब की मदद से जांच शुरू की.
एसएसपी ने बताया कि जांच के दौरान कई तकनीकी और मानव खुफिया इनपुट जुटाए गए. इसके आधार पर पुलिस टीम ने जालंधर के रामामंडी इलाके में छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में सामने आया कि आरोपी एक विदेशी हैंडलर के इशारे पर काम कर रहे थे. उसी हैंडलर ने उन्हें दो हैंड ग्रेनेड उपलब्ध करवाए थे.
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के नेटवर्क और उनके विदेशी कनेक्शन की गहराई से जांच की जा रही है. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस मॉड्यूल में और कौन-कौन लोग शामिल हैं. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों का मकसद क्या था और वे किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की तैयारी में तो नहीं थे.